- लाखों की बताई जा रही दवा, आक्सीटाक्सीन होने की चर्चा
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: कस्बे में मुख्य बाजार स्थित एक जनरल स्टोर पर प्रतिबंधित दवा आॅक्सीटोसिन का जखीरा बरामद होने का मामला संज्ञान में आया है। ड्रग एवं औषधि विभाग की टीम ने माल जब्त कर परीक्षण के लिए भेज दिया। टीम ने यहां से और भी कई नमूने लिए हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर पीयूष शर्मा ने बताया कि काफी समय से किठौर में सुशील जनरल स्टोर पर पशुओं की प्रतिबंधित दवा आॅक्सीटाक्सीन की धड़ल्ले से बिक्री की सूचना मिल रही थी। जिस पर ड्रग एवं औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को सुशील के प्रतिष्ठान पर छापमारी कर यहां से भारी मात्रा में दवा से भरी बिना रेपर की 290 वाइल्स 60 एमएल बरामद कीं। जिनका अनुमानित मूल्य लगभग 330600 बताया गया है।

ड्रग इंस्पेक्टर का कहना है कि पकड़ी गई दवा प्रथम दृष्टया आॅक्सीटाक्सीन है। टीम ने दुकान से बरामद तमाम वाइल्स जब्त कर ली हैं। इनमें से कुछ वाइल्स परीक्षण के लिए भेजी गईं हैं। अभी कोई गिरफ्तारी नही हुई है। रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
क्यों प्रतिबंधित है आॅक्सीटाक्सीन?
बकौल पीयूष शर्मा कम दुधारू पशुओं के थनों में दूध का प्रेशर बनाने के लिए पशु पालकों, दूध व्यावसाइयों द्वारा इंजेक्शन के जरिये आॅक्सीटाक्सीन दिया जाता है। इससे दूध की मात्रा तो बढ़ जाती है मगर दूध की गुणवत्ता में बहुत कमी आती है।
सामान्य तौर पर यह दूध पीने योग्य नही रह जाता क्योंकि इसमें आॅक्सीटाक्सीन का असर आ जाता है। आॅक्सीटाक्सीन मनुष्य में कैंसर, लीवर व फेफड़े संबंधी बीमारी हो जाती हैं। पशुओं में बांझपन की बीमारी का द्योतक आॅक्सीटाक्सीन ही है।

