- बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम, लूट से फैली सनसनी, पत्नी की हालात गंभीर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोतवाली थाना के बुढ़ानागेट के समीप स्वामी पाड़ा में रविवार की दोपहर को बदमाशों ने घर में घुसकर रिटायर्ड सिविल इंजीनियर की बेटी की हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मृतका की विधवा मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। लूट व हत्या की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलते ही सीओ व इंस्पेक्टर कोतवाली मौके पर पहुंच गए हैं।
स्वामीपाड़ा में रिटायर्ड सिविल इंजीनियर शिव स्वरूप का घर है। उनका काफी पहले देहात हो चुका है। परिवार में पत्नी सरिता स्वरूप व दो बेटियों अंजु उर्फ मोना व ममता उर्फ डोली के अलावा कोई अन्य नहीं है। ममता दिमागी रूप से कुछ कमजोर है। वह इधर-उधर भटकती रहती है। ममता घर के अंदर पहुंची तो भीतर आंगन में सामने उसकी बहन अंजू का खून से लथपथ शव पड़ा था। मकान के ऊपर जाने वाले रास्ते के जीने के पास मां सरीता स्वरूप खून से लथपथ पड़ी थीं। उनकी सांसें चल रही थीं। पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।
अंजु ने बाहर आकर शोर मचाया। वहां लोग जमा हो गए। सूचना पर सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार व इंस्पेक्टर नीरज मलिक तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने अंजू का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। सरिता स्वरूप को मेडिकल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने पूरा घर खंगाल डाला। सेफ खुली पड़ी थीं। सामान फर्श पर फैला हुआ था। नकदी व ज्वेलरी आदि सब गायब था। हादसे की खबर इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। क्षेत्र के पार्षद संदीप रेवड़ी भी वहां पहुंच गए।
पड़ोस में रहने वाले संजय रस्तोगी ने बताया कि सरिता स्वरूप के पति की काफी पहले मौत हो चुकी है। मृतक आश्रित कोटे में उनकी बेटी अंजु की वाटर वर्क्स में नौकरी मिल गई। दूसरी बेटी डोली उर्फ ममता मानसिक रूप से कुछ कमजोर है। करीब डेढ़ माह से घर में रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। आज लेबर नहीं आयी थी। हादसे की जानकारी सबसे पहले अंजु को मिली। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि डीवीआर की जांच कराई जा रही है। खुलासे के लिए कई टीमें लगायी गई हैं। शीघ्र ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस ने सीसीटीवी और डीवीआर लिए कब्जे में
पुलिस ने आसपास के मकानों पर लगे सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में ले ली है। पुलिस का कहना है कि डीवीआर की अभी जांच की जा रही है। वारदात कितने बदमाशों ने अंजाम दी है, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पड़ोस में जो सीसीटीवी कैमरा लगा है। उसमें कुछ लोग गुजरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दौराला में युवक ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत
दौराला: कस्बा स्थित गुरुकुल एकेडमी में रहने वाले एक युवक ने रविवार को कमरा बंद कर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक की पत्नी दौराला थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। परिजनों ने मोदीपुरम के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मूलरूप से थाना बुढ़ाना के कितास गांव निवासी शिवम (32) पुत्र भगवान शर्मा वर्तमान में गुरुकुल एकेडमी में परिवार के साथ रहता था। रविवार देर रात शिवम जहरीला पदार्थ लेकर घर पहुंचा और कमरा बंद करके पत्नी मीनाक्षी को जहरीला पदार्थ खाने की धमकी देने लगा,
जिस पर महिला दौराला थाने पहुंची और पुलिस से पति को बचाने की गुहार लगाई। आनन-फानन में दारोगा विनोद गोस्वामी पुलिस के साथ महिला के घर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो युवक रोटी के साथ सल्फास खा रहा था। मुंह से झाग निकलते देख पुलिस ने सीएचसी में शिवम को भर्ती कराया। हालत गंभीर देख परिजन शिवम को लेकर मोदीपुरम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। शिवम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शिवम की मौत से पत्नी मीनाक्षी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फेंटेसी पार्क में वाटर राइड कर रहे बैंक मैनेजर की मौत
मेरठ: परतापुर में दिल्ली-देहरादून बाइपास स्थित फेंटेसी वर्ल्ड पार्क में रविवार दोपहर दोस्तों के साथ नहाने आए मोदीनगर निवासी मोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में वाटर राइड करते समय मौत हो गई। मोहित एक बैंक में मैनेजर था। बताया जा रहा है कि नहाते समय मोहित बेहोश हो गया। जिसके बाद उनके दोस्तों ने उन्हें पानी से बाहर निकाला और सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि वाटर पार्क में डॉक्टर न होने की वजह से मोहित की जान गई है।
मोहित की लगभग डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। बताते चले कि लगभग दो माह पहले वाटर पार्क के कर्मचारियों ने तीन महिलाओं से छेड़छाड़ की थी, विरोध करने पर महिलाओं के परिजनों को लाठी-डंडों से पीटा गया था। इसके बाद वाटर पार्क कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। जिससे यहां कोई डाक्टर व कर्मचारी मौजूद नहीं है। वहीं, मृतक बैंक मैनेजर मोहित के परिजनों ने कहा कि फेंटेसी वर्ल्ड वाटर पार्क की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाटर पार्क मालिकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शिकायत करेंगे। क्योंकि वाटर पार्क में हर समय एमबीबीएस डॉक्टर होना भी जरूरी है।

