जनवाणी ब्यूरो
नई दिल्ली:प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स के जरिए अवैध धन अर्जन और धन शोधन (Money Laundering) के एक बड़े मामले में फिल्मी सितारों, यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दायरे में विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, निधि अग्रवाल, प्रणिता सुभाष, मांचू लक्ष्मी, अनन्या नागल्ला, टीवी होस्ट श्रीमुखी समेत लगभग 29 लोकप्रिय हस्तियों के नाम सामने आए हैं।
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के अनुसार, ये हस्तियां जंगली रम्मी, जीतविन, लोटस 365 जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स का विज्ञापन या प्रचार कर रही थीं, जिसके बदले में इन्होंने सेलिब्रिटी फीस या प्रमोशन शुल्क प्राप्त किया। ईडी को संदेह है कि इन प्लेटफॉर्म्स ने अवैध सट्टेबाजी और जुए के ज़रिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की और इसका इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग में हुआ।
5 राज्यों की FIR के आधार पर मामला दर्ज
ईडी ने पांच राज्यों की पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकियों (FIR) का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत यह मामला दर्ज किया है। इन FIR में आरोप है कि इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स ने कई लोगों को धोखा देकर बड़ी राशि हड़प ली। अब ईडी यह जांच कर रही है कि इन मशहूर हस्तियों की भूमिका केवल प्रचार तक सीमित थी या वे इस अवैध नेटवर्क का हिस्सा भी थीं।
हस्तियों की सफाई
रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ हस्तियों ने शुरुआती पूछताछ में दावा किया है कि उन्हें ऐप्स की कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी नहीं थी। उन्होंने इन्हें केवल एक प्रचार अभियान के रूप में देखा और किसी अवैध गतिविधि में शामिल नहीं हुए। ईडी आने वाले दिनों में इन सभी व्यक्तियों के बयान दर्ज करेगी और प्लेटफॉर्म्स से ठगे गए शिकायतकर्ताओं की तलाश भी कर रही है।

