- कैराना में पुलिस पर हमले के दो वांछितों को गिरफ्तार किया
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन/कैराना: विद्युत उपकेंद्रों पर डाका डालकर तार लूटने वाले गिरोह के वांछित 15 हजारी बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। बदमाश के पांच सदस्य पहले ही मुठभेड में गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं कैराना में पुलिस पर हमले के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थानाभवन पुलिस व एसओजी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार देर सायं नगर के चरथावल तिराहा से विद्युत उपकेंद्रों पर डाका डालकर ट्रांसफार्मर के तार निकालने वाले गिरोह के एक वांछित बदमाश आफताब पुत्र इकबाल निवासी पीर वाली गली थाना मंडी जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, 2 जिंदा कारतूस 12 बोर व 40000 रुपये की नकदी बरामद की गई। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि गत 12 अक्टूबर 2020 की देर रात्रि थाना थानाभवन क्षेत्र के ग्राम अम्बहेटा याकूबपुर बिजलीघर में बदमाशों द्वारा ट्रांसफार्मर के तार चोरी कर लिए गए थे।

इस घटना के करीब एक हफ्ते बाद 20 नवंबर 2020 की देर रात्रि थाना गढीपुख्ता क्षेत्र के ग्राम दुल्लाखेड़ी बिजलीघर से ट्रांसफार्मर के तारों को चोरी कर लिया गया। जिनके संबंध में किशोर कुमार अवर अभियन्ता अम्बहेटा याकूबपुर बिजलीघर थानाभवन व सौरव कुमार सक्सैना अवर अभियंता ग्राम दुल्लाखेड़ी बिजली घर थाना गढीपुख्ता की तहरीर के आधार पर थाना थानाभवन व थाना गढ़ीपुख्ता पर संगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किए गए थे।
घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग के 5 सदस्यों को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के दौरान गत 8 दिसंबर 2020 में गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। जबकि आफताब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। जिसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा 15000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
उधर, कैराना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक सूचना पर कांधला तिराहा से हरियाणा पुलिस की अभिरक्षा से अभियुक्त को छुड़ाकर भगाने में संलिप्त रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने नाम शमशाद और हमीद पुत्र नबीबच्छ निवासी ग्राम रामड़ा थाना कैराना जनपद शामली बताए हैं।
इंस्पेक्टर करमवीर सिंह ने बताया कि 13 अक्टूबर को हरियाणा के कुरुक्षेत्र के थाना शाहबाद पुलिस ने कैराना कोतवाली पुलिस को साथ लेकर चोरी के एक मामले में एक आरोपी को साथ लेकर गांव रामडा में दबिश दी थी। जहां पर आरोपी सोनू को उसके घर के आसपास के कुछ लोगों द्वारा पुलिस पार्टी पर हमला कर छुड़ा लिया था। पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है।

