- शादियों ने बजाया शहर का बैंड, हर तरफ जाम ही जाम
- तीन शिफ्टों में बुक रहे मैरिज हॉल और फार्म हाउस
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शनिवार को वसंत पंचमी के मौके पर शहर में हजारों शादियां हुर्इं। अबूझ साया होने के कारण शहर के सभी छोटे-बड़े मंडप और हॉल बुक रहे। यहां तक कि लोगों ने पार्कों तक में शादियों के आयोजन किये। उधर, शहर में अधिक शादियां होने के कारण दिन भर सड़कों पर जाम के हालात बने रहे। शनिवार रात को भी दिल्ली रोड, गढ़ रोड समेत सभी मार्गों पर जाम लगा रहा। शादियां अधिक होने के कारण मंडप संचालकों को भी काफी राहत मिली। क्योंकि कई दिनों बाद शहर में इतना अधिक साया रहा।

शनिवार को वसंत पंचमी के मौके पर शहर में हजार से अधिक शादियां हुर्इं। हालात यह रहे कि शहर के हर छोटे-बड़े मंडप में शादी समारोह का आयोजन हुआ। यहां तक कि जो मंडप दिन में बुक थे, उनमें रात को भी शादी का आयोजन हुआ। पिछले कई दिनों से आर्थिक रूप से नुकसान झेल रहे मंडप संचालकों को भी इससे काफी हद तक राहत मिली। उधर, मंडपों में कोविड नियमों का भी पूरा ध्यान रखकर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
वहीं, जिन लोगों को इन स्थानों पर जगह नहीं मिली वो पार्क और आसपास के स्कूलों में शादियों की तैयारी में जुटे रहे। पार्कों और खाली जगहों पर भी कई शादियां हुर्इं। वसंत पंचमी पर अबूझ साया होने के कारण पिछले कई महीने पहले ही जिले के सभी बैंक्वेट हॉल और फार्म हाउस की एडवांस बुकिंग हो चुकी थी। इस बार कोरोना संक्रमण के कारण रात्रि कर्फ्यू का असर इन शादियों के मुहूर्त पर भी पड़ रहा है।
इस बार रात में शादियां न होकर दिन में हो रही है। यहीं कारण है कि अधिकांश फार्म हाउस और बैंकेट हाल दिन के लिए ही बुक हैं। फार्म हाउस और बैंकेट संचालकों ने रात हालांकि रात में भी बुकिंग रखी है लेकिन उनमें शर्ते और नियम अधिक लागू हैं। शहर की बात करें तो यहां करीब 600 से अधिक विवाह मंडप हैं। कुल मिलाकर वसंत पंचमी के अबूझ साये पर सभी बैंक्वेट हॉल और फार्म हाउस तीन शिफ्ट में बुक हो चुके हैं। इसके अलावा स्कूल, सामुदायिक केंद्र और पार्कों में भी शादियां का धूमधड़ाका होगा।
मेरठ मंडप एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल ने बताया कि वसंत पंचमी पर जोरदार साया है। इस बार लोगों ने दिन के लिए मंडप और बरातघरों की बुकिंग की है। तीन शिफ्ट में शादियां होंगी, जिसमें खाने पीने के सभी इंतजाम किये गये हैं। उधर रात की बुकिंग रात के समय अनुसार कराई गर्इं हैं।
शादियों ने शहर की यातायात व्यवस्था की धड़ाम
वसंत पंचमी पर अबूझ साया होने के चलते शहर में शनिवार को एक हजार से ज्यादा शादियां हुई है। इस साथ इतनी शादियां होने के चलते शहर के सभी मंडप, फार्म हाउस, बरातघर और धर्मशालाएं बुक थी। यही शहर के भीतरी क्षेत्रों में पार्क व स्कूलों में भी शादियों के पंडाल सजे हुए थे।

जिसके चलते हाइवे से लेकर शहर की सभी सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वहीं, रात्रि कर्फ्यू होने के चलते इस बार सभी शादियां दिन में ही हो रही है। सड़कों पर जाम होने के चलते ट्रैफिक पुलिस को यातायात व्यवस्था बनाने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
चुनाव प्रचार और रैपिड रेल कार्य से बढ़ी पुलिस की चुनौती
जिले में जहां इस वक्त विधानसभा चुनाव का प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। वहीं, दिल्ली रोड पर चल रहे रैपिड रेल कार्य भी पुलिस के चुनौती बना रहा। रैपिड रेल कार्य और चुनाव प्रचार से जहां प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, शादियों ने यातायात व्यवस्था को धड़ाम कर दिया। हालांकि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस शहर के सभी चौराहों समेत हाइवे पर तैनात रही और यातायात व्यवस्था को बनाने में जुटी रही।
जाम से निपटने के बंदोबस्त हुए फेल
वसंत पंचमी को बड़ा साया होने के चलते यातायात पुलिस ने जाम से निपटने के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए हुए थे। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने जाम वाले प्वाइंटों पर यातायात पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई थी। इसके साथ थाना पुलिस ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में जाम से निपटने के लिए व्यवस्था की हुई थी। इसके बावजूद दिनभर शहर की सड़कों पर वाहनों की कतारे लगी रही। हालांकि एसपी ट्रैफिक भी देर रात तक मॉनिटरिंग करते रहे।

