जनवाणी संवाददाता |
कैराना: मतदान को लेकर कश्यप व गुर्जर समाज के बीच विवाद अधिकारियों तक पहुंच गया है। पुलिस उपाधीक्षक ने दोनों पक्षों को अपने कार्यालय पर बुलाया तथा जांच पूरी होने तक एक दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने निर्णय लिया गया।
10 फरवरी को हुए मतदान के दौरान गांव बुच्चाखेड़ी निवासी कश्यप समाज के लोगों के साथ गुर्जर समाज के कुछ युवकों ने मारपीट कर दी थी। कश्यप समाज ने आरोप लगाया था कि गुर्जर समाज के युवक बीजेपी प्रत्याशी को वोट न देने के शक में उनके साथ मारपीट की हैं। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया था।
एक दिन पहले कश्यप समाज की महिलाएं एवं पुरुष भी सीओ कार्यालय में पहुंचे थे तथा कुछ युवकों पर फिर से जान से मारने की धमकी देने व मारपीट करने के आरोप लगाए थे। सोमवार को गांव से कश्यप समाज व गुर्जर समाज के जिम्मेदार व्यक्ति सीओ कार्यालय में पहुंचे। जहां पर सीओ ने दोनों पक्षों की समस्याएं सुनी।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को आज बुलाया गया था। दोनों ने लिख कर दिया हैं जब तक जांच पूरी नहीं होती वह एक-दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेंगे। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान राजेश ग्राम प्रधान पति आजाद सिंह कश्यप सहित अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।

