जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: सऊदी अरब में एक भीषण सड़क हादसे में अनुमानित 42 भारतीय उमरा यात्री मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटना उस समय हुई जब तीर्थयात्रियों को ले जा रही डीलक्स बस डीजल से भरे एक टैंकर से सामने से टकराई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग फैल गई, जिससे यात्रियों की जान चली गई। मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा मदीना के नजदीक हुआ और माना जा रहा है कि हादसे में मरने वाले भारतीय उमराह यात्री हैं, जिनमें से कई हैदराबाद के निवासी हैं।
डीजल टैंकर से टकराई बस
रिपोर्ट्स के अनुसार, उमराह गए लोगों को लेकर बस मक्का से मदीना जा रही थी, जब वह रास्ते में डीजल टैंकर से टकरा गई। हादसा स्थानीय समय अनुसार, सुबह करीब 1.30 बजे मुहरास या मुफरिआत इलाके में हुआ, जो मदीना से करीब 160 किलोमीटर दूर है। हादसे के समय कई यात्री सो रहे थे। टक्कर लगते ही बस आग की लपटों में घिर गई और लोगों को बचने का भी समय नहीं मिला। हादसा इतना भयानक था कि मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल है। हादसे में कम से कम 42 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें हैदराबाद के कई यात्रियों के होने की आशंका है। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी किया बयान
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान में सऊदी अरब में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया गया है और कहा कि सीएम ने तुरंत मुख्य सचिव और डीजीपी को हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ये भी जानकारी मांगी है कि हादसे में कथित तौर पर मरने वाले कितने लोग हैदराबाद के निवासी थे। मुख्यमंत्री ने सरकार के शीर्ष अधिकारियों को विदेश मंत्रालय से संपर्क करने और सऊदी अरब के सूत्रों से जानकारी लेने का सुझाव दिया है। मुख्य सचिव के निर्देश पर अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि सऊदी अरब में हादसे का शिकार हुए कितने लोग तेलंगाना के थे और सचिवालय में एक कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पीड़ित परिजनों को जानकारी दी जा सके।
हादसे में पीड़ित यात्रियों के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया
जेद्दाह स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि सऊदी अरब के मदीना में हुए दर्दनाक हादसे में पीड़ित भारतीय उमराह यात्रियों के लिए 24×7 चलने वाला एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका टोल फ्री नंबर है- 8002440003।
असदुद्दीन ओवैसी ने भी जताया दुख
वहीं, हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी सऊदी अरब में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया। ओवैसी ने कहा कि उन्होंने हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क किया है और उनसे सऊदी अरब गए हैदराबाद के लोगों की जानकारी मांगी है। साथ ही रियाद दूतावास से भी संपर्क किया है। ओवैसी ने कहा कि उन्होंने रियाद में स्थित भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ से भी बातचीत की है, जिन्होंने बताया कि वे हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द ही उन्हें इस बारे में अपडेट करेंगे।’
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने किया ट्वीट
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मदीना में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया और सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि हमारा रियाद स्थित दूतावास और जेद्दाह में मौजूद महावाणिज्य दूतावास हादसे से प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। विदेश मंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

