- हत्यारा छात्र गिरफ्तार, बोला-गर्लफ्रेंड को लेकर कर रहा था ब्लैकमेल, इसलिए मार डाला
- ट्यूशन के वक्त गढ़ रोड सीएनजी पंप के समीप सुनसान स्थान पर ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
- हत्या की वारदात से गुस्साए परिजनों व कालोनी वासियों ने कर दी सड़क जाम, हंगामा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गर्लफ्रेंड को लेकर ब्लैकमेल कर रहे नाबालिग दोस्त अभिनव को धोखे से साथ ले जाकर साथ पढ़ने वाले नाबालिग दोस्त ने हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मौका-ए-वारदात गढ़ रोड स्थित सीएनजी पंप के समीप एक टयूबवेल से शव भी बरामद कर लिया गया है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित वर्णिका स्टेट कालोनी निवासी एक नाबालिग (16) ने अपने ही नाबालिग दोस्त अभिनव (17) को इसलिए मार डाला, क्योंकि वह उसकी गर्लफ्रेंड को लेकर ब्लैकमेल पर उतर आया था, उसने कुछ आपत्तिजनक कह दिया था। यह बात बर्दाश्त नहीं हुई। जिसके चलते उसने हथौड़े के अनगिनत वार कर अभिनव को मार डाला। वारदात को गढ़ रोड स्थित सीएनजी पंप के पास अंजाम दिया गया।
हत्यारोपी ने घंटों किया पुलिस को गुमराह
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें आरोपी छात्र के साथ जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। लगभग चार घंटे तक आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। सख्ती से पूछने के बाद आरोपी ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहा था। जिसको लेकर उसने अभिनव को समझाया था, लेकिन अभिनव ने उसकी बात को नहीं माना था।
जिसके बाद उसने अभिनव की हत्या की प्लानिंग की तैयारी कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गढ़ रोड स्थित सीएनजी पंप के पीछे ट्यूबवेल के पास से छात्र का शव बरामद किया। छात्र की मौत की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
इकलौता बेटा था अभिनव
थाना क्षेत्र की रोहटा रोड स्थित वर्णिका स्टेट कालोनी निवासी शख्स ने बताया कि वह मूलरूप से लिसाड़ी के रहने वाले हैं, लेकिन पिछले नौ साल से अपने साले के मकान में रह रहे हैं। परिवार में पत्नी, बेटी (13) व (17) वर्षीय बेटा था। वह कालोनी में किराना की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को उनका बेटा अपने दोस्त के साथ मंगल पांडे नगर स्थित फिजिक्स कोचिंग सेंटर में पढ़ने के लिए गया था, लेकिन जब देर शाम तक युवक वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई थी। जिसके बाद परिजनों ने युवक की तलाश शुरू की थी।
जमकर हंगामा और जाम
छात्र अभिनव की हत्या से आक्रोशित रोहटा रोड की वर्णिका एस्टेट कालोनी के लोगों ने रोहटा रोड पर जाम लगा दिया। भारी संख्या में भीड़ मौजूद है। पुलिस ने दोनों तरफ का रूट डायवर्ट कर दिया है। पीड़ित परिजनों की मांग है कि हत्याकांड में अकेले हत्यारोपी ही नहीं उसके और भी साथी शामिल है। जबकि पुलिस सिर्फ नाबालिग को ही आरोपी बता रही है। मृतक के पिता ने आरोप लगाए कि वह कल थाने गए थे, मगर मुंशी और अन्य पुलिस वालों ने उनको चौकी जाने को कहा, चौकी वालों ने थाने भेज दिया, लेकिन रात तक भी कार्रवाई नहीं की, सिर्फ चक्कर लगवाते रहे।
कभी कभार मोबाइल और बैग भी चेक कर लें
जो बच्चे पढ़ रहे हैं, अभिभावकों को चाहिए कि वक्त निकालकर कभी कभार उनका बैग व मोबाइल भी चेक कर लें। भागदौड़ भरी जिंदगी और खासतौर से परिवार के सदस्यों के साथ बैठने के बजाए मोबाइल लेकर बच्चों का एक कौने में जाकर बैठ जाना अभी माता-पिता को उनसे मित्रवत व्यवहार न करना जैसा कि मोबाइल के इजाद से पहले परिवारों में माहौल हुआ करता था, वैसा अब न होना। इस अभिनव हत्याकांड सरीखी घटनाओं की एक बड़ी वजह होती है। इसलिए जरूरी है कि कभी कभार बच्चों के साथ बैठे और उनके मन मस्तिष्क में क्या चल रहा है? वहां तक पहुंचने का प्रयास करें।
बहला-फुसलाकर ले गया था काली नदी पर
हत्यारोपी दोस्त अभिनव को बहला-फुसला कर काली नदी की ओर ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। यह बात उसने पूछताछ में पुलिस को बतायी। दरअसल, आरोपी को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई, लेकिन वह बार-बार बयान बदल रहा था। पुलिस को शक हुआ। सख्ती के बाद उसने बताया कि अभिनव ने उसके मोबाइल से उसके और उसकी गर्लफ्रेंड के फोटो निकाल लिए थे और वह उन दोनों को ब्लैकमेल कर रहा था। जिसके चलते वह अभिनव को शनिवार को काली नदी के पास ले गया और उसके सिर व चेहरे पर हथौड़े से कई वार करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी और उसके शव को वही फेंक कर घर लौट आया था।
हत्याकर जा पहुंचा घर
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर आ गया। वहीं, दूसरी ओर जब छात्र घर नहीं लौटा तो परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। छात्र के गायब होने का मामला था तो पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और शक के आधार पर आर्यन को उठा लिया। खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
संसद भवन तक पैदल मार्च करेगा सैन समाज
सैन समाज के नेता एवं भाजपा पशुपालन प्रकोष्ठ के पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ समय में सैन समाज के युवकों की एक के बाद एक हत्याएं हो रही है, लेकिन पुलिस ऐसे मामलों को लेकर लापरवाही बरत रही है। अब फिर सैन समाज के युवक की हत्या कर दी गयी है। पुलिस को इस मामले में कड़ी और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। अगर कोई लापरवाही बरती जाती है तो सैन समाज मेरठ से संसद भवन तक पैदल मार्च करेगा।

