जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शोहदों के द्वारा आए दिन छेड़छाड़ से परेशान एक युवती ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने आरोपी शोहदों के खिलाफ करीब डेढ़ माह पहले लोहिया नगर थाने पर मुकदमा भी दर्ज कराया था, जिस पर पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिर भी, आरोपी युवती को आए दिन परेशान कर रहे थे। मंगलवार को एक बार फिर से छेड़छाड़ करने तथा फब्तियां कसने से क्षुब्ध होकर युवती ने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। युवती के फांसी लगाने से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में के शौकीन गार्डन में मेहराज का परिवार रहता है। उसके उसकी बेटी मंतशा से थाना लोहियानगर क्षेत्र के आमिर, शाकिब, साजिद, सुहैल आदि आए दिन छेड़छाड़ करते थे। युवती ने परिजनों को भी मामले की जानकारी दी थी। इस पर मेहराज ने गत पांच मई को पांचों आरोपियों के खिलाफ लोहियानगर थाने पर मुकदमा भी दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपियों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार जेल भेज दिया था। जमानत पर आने के बाद आरोपी फिर से मंतशा के साथ सरेआम छेड़छाड़ करने लगे थे। मेहराज ने बताया कि मंगलवार को एक बार फिर से आरोपी आमिर, शाकिब, साजिद, सुहैल आदि ने उसके साथ सरेआम छेड़छाड़ की और फब्तियां कसीं। इसके बाद मंतशा ने घर पर जाकर मामले की जानकारी परिजनों को दी। बताया गया कि कुछ देर बाद जब परिजन घर से बाहर चले गए तो मंतशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आमिर, शाकिब, साजिद, सुहैल समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी आमिर, शाकिब व सुहैल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। एसपी ने बताया कि लोहियानगर थाने पर दर्ज मुकदमे में आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। उन्होंने के कहा कि मंगलवार को लिसाड़ी गेट थाने पर दर्ज कराए गए मुकदमे के अलावा भी पृथक से प्रकरण की जांच कराई जाएगी।
आवारा पशु के हमले में घायल की उपचार के दौरान मौत
लावड़ (जनवाणी): क्षेत्र के ग्राम बिसौला में आवारा पशु की टक्कर लगने से घायल हुए व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गयी। मृत्यु की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। बता दें कि बीती 27 मई को ग्राम बिसौला निवासी लगभग 70 वर्षीय रायसिंह व महबूब जमालपुर मार्ग स्थित अपने खेत पर कार्य करने जा रहे थे। रास्ते में आवारा पशु ने उन्हें टक्कर मार दी। आवारा पशु ने उन्हें सींग से उठाकर जमीन पर पटक दिया था। आवारा पशु के हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। खेतों में काम कर रहे किसानों व मजदूरों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बमुश्किल बचाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अलग अलग अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार को राय सिंह ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की है। वहीं उन्होंने आवारा पशुओं के खेतों में नुकसान करने व हमला करने की शिकायत के बावजूद समाधान न होने का आरोप लगाया। उन्होंने जल्द ही समस्या के निस्तारण की मांग की।
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत पर परिजनों का हंगामा
हस्तिनापुर (जनवाणी): थाना क्षेत्र के गांव दुधली के समीप सड़क दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव निवासी 24 वर्षीय अमित पुत्र कंवर सिंह मेहनत मजदूरी का परिवार का पालन पोषण करता था। मंगलवार देर शाम थाना क्षेत्र के गांव दूधली से घर लौट रहा था। युवक अमित दूधली लतीफपुर मार्ग पर दूधली गांव के समीप पहुंचा तो कंबाइन मशीन से भिड़ंत हो गई। घटना के दौरान युवक की कंबाइन मशीन के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस घायल युवक को सीएचसी ले आई। जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान युवक को मृत घोषित कर दिया। उधर, दुर्घटना में घायल युवक की मौत की सूचना पर सीएचसी पहुंचे मृतक के परिजनों ने गाड़ी में रखे युवक के शव को रोककर थाने के सामने घंटों हंगामा का किया। हंगामा के दौरान परिजनों ने कंबाइन मशीन को थाने बुलाने की मांग की। सीओ मवाना अभिषेक पटेल द्वारा परिजनों को कंबाइन मशीन और चालक को जल्द हिरासत में लिए जाने के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। इसके बाद थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाइकों की भिड़ंत में श्रमिक की मौत, दो घायल
मवाना (जनवाणी): सोमवार देर रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। निलोहा गांव निवासी कृष्ण पुत्र ओमवीर, जो मैट का कार्य करता है, सोमवार देर रात साथी भगवानदीन पुत्र अयोध्या प्रसाद निवासी सरेसर, थाना जगदीशपुरा, जिला अमेठी के साथ बिसौला स्थित एक गोदाम की ओर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वे साधन पुलिया के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक मेरठ की ओर से आ रहे आदिल अली पुत्र आले अली चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भगवानदीन के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वहीं कृष्ण व आदिल अली भी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भगवानदीन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाइटेंशन लाइन से टकराया डंपर, चालक की मौत
रोहटा: थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर में डंपर के हाइटेंशन लाइन के टकराने से चालक की मौके पर मौत हो गई। बागपत जिले के गांव डौला निवासी कय्यूम पुत्र जमशेद डंपर चलाने का काम करता था। मंगलवार सुबह मेरठ-बड़ौत में रोड पर सड़क किनारे मीरपुर निवासी सलामुउद्दीन के यहां डंपर से रोड़ी डस्ट उतर रहा था। इस दौरान डंपर ऊपर उठने से हाइटेंशन लाइन से टच हो गया। जिससे डंपर में करंट उतरने से मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। शव को परिवार वाले अपने साथ अस्पताल से ही ले गए। थाना प्रभारी नीरज बघेल ने बताया कि दुकानदार के खिलाफ तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी।
चिकित्सक के बाफर रजवाहे में डूबने की आशंका
जानीखुर्द: टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना से बाफर रजवाहे में दोस्तों संग नहाने आये चिकित्सक के डूबने की आशंका में गोताखोरों ने रजवाहे में घंटों तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना निवासी 30 वर्षीय जयकिशन पुत्र वीर सिंह मंगलवार दोपहर दोस्तों के साथ बाफर रजवाहे में नहाने के लिए गए थे। इस दौरान अचानक डॉ. जयकिशन लापता हो गए। जयकिशन के डूबने की आशंका पर दोस्तों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची और लापता जयकिशन की रजवाहे में तलाश की। जानकारी पर गोताखोरों की मदद से भी रजवाहे में सर्चिंग अभियान चलाया गया। देर शाम तक जयकिशन का कही पता नहीं चला।आए दिन छेड़छाड़ से त्रस्त युवती ने फांसी लगाकर दी जान

