जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलाधिकारी मनीष बंसल के दिशा निर्देश पर जनपद के सभी उच्च प्राथमिक विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालयों में भव्य तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कूटर, मोटरसाइकिल, साइकिल और पदयात्रा के माध्यम से निकाली गई रैलियों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और गीतों के माध्यम से समाज में उत्साह का संचार किया। गगन भेदी उद्घोष के साथ सभी ग्राम पंचायतों में आगामी स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाने के लिए माहौल तैयार किया गया।
ग्रामवासियों ने भी पूरे उत्साह से रैलियों का स्वागत किया और बच्चों के साथ उद्घोष में सामूहिक भागीदारी की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिए कि वे अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें, ताकि अभियान की व्यापकता और प्रभाव को दर्शाया जा सके।इस प्रकार हर घर तिरंगा अभियान ने जनपद सहारनपुर में देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा दी और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को गति प्रदान की है।

