जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: धामपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय सत्येंद्र प्रताप सिंह की मौत हो गई। वे सुबह अपने पालतू कुत्ते के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी एक तेज़ रफ़्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
धुंध और अंधेरे में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक जैतरा निवासी सत्येंद्र प्रताप सिंह रोजाना सुबह की सैर पर निकलते थे। मंगलवार को भी वे अपने कुत्ते के साथ सड़क किनारे टहल रहे थे।
सुबह के समय सड़क पर घना कोहरा और अंधेरा था। इसी बीच एक तेज़ रफ़्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे करीब चार फीट गहरे नाले में जा गिरे।
कुत्ता पहुंचा घर, मालिक की नहीं मिली खबर
हादसे के बाद कुत्ता किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंच गया, लेकिन सत्येंद्र प्रताप सिंह वापस नहीं लौटे। परिवार को शक होने पर खोजबीन शुरू की गई। करीब चार घंटे बाद उनका शव पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास सड़क किनारे नाले में मिला।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर धामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि हादसा करने वाले अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
परिजनों में कोहराम
हादसे की खबर लगते ही परिवार और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश फैल गया। परिजनों ने प्रशासन से वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

