जनवाणी संवाददाता |
तीतरों के महँगी मे देर रात गंगोह-नानौता मार्ग पर महंगी बस स्टैंड के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गेहूं के बीज से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा। हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। गांव के सरदार गुरिंदर सिंह की हार्डवेयर की दुकान में यह दुर्घटना हुई। बताया गया कि ट्रक चालक जावेद निवासी जानसठ-मीरापुर गेहूं के बीज लेकर गंगोह मंडी जा रहा था।
तेज गति के कारण ट्रक ब्रेकर पर उछल गया और सीधे दुकान में जा घुसा। ग्रामीणों ने बताया कि दुकान के बाहर लगी ईंटों की दीवार ने बड़ा हादसा टलने से बचा लिया, हालांकि दुकान का टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। फिलहाल किसी पक्ष की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।

