- मौके पर पहुंचे रेल अधिकारियों को करना पड़ा विरोध का सामना
जनवाणी संवाददाता |
सरसावा: दर्जनभर से अधिक गांवों को जोड़ने वाले इब्राहीमी फाटक के रास्ते को बंद करने पहुंचे रेलवे अधिकारियों को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों का विरोध करते हुए उन्हें वैकल्पिक रास्ता देने के बाद ही फाटक के रास्ते को बंद करने को कहा। रेलवे अधिकारियों द्वारा सुआखेड़ी रेलवे अंडरपास से पानी निकालने के बाद रास्ता दिये जाने के आश्वाशन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।
शुक्रवार सवेरे रेलवे अधिकारियों द्वारा इब्राहीमी फाटक संख्या 93सी पर रास्ते को बंद करने की सूचना लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जैसे ही रेलवे अधिकारी जीआरपी, आरपीएफ व स्थानीय पुलिस को साथ लेकर इब्राहीमी फाटक के रास्ते को बंद करने की तैयारी करने लगे तो उन्हें ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने रेलवे विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध करते उन्हें वैकल्पिक रास्ता दिये जाने की मांग की।
मौके पर मौजूद भाजपा जिला मंत्री सविता चौधरी, शीलो, सलेलता, भोती, रानी, राजकली, उषा,अनिता, गीता, राजेन्द्र कुमार, दरिया सिंह, प्रदीप शर्मा, रविन्द्र सिंह, उमेश शर्मा आदि का कहना था कि इब्राहीमी फाटक के रास्ते को बंद करने के बाद ग्राम छाप्पुर, बिन्नाखेड़ी, चोरी मंडी, हैदरपुर, कलरी, मीरपुर, सुआखेड़ी, इब्राहीमी आदि करीब दर्जनभर से अधिक के ग्रामीणों को 10 से 15 किलोमीटर का रास्ता तय कर सरसावा पहुचना पड़ेगा।
ऐसे में यदि किसी ग्रामीण की तबियत खराब हो जाती है तो उसे अस्पताल तक ले जाने में समय की हानि होगी जो मरीज को भुगतनी पड़ सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे विभाग द्वारा पूर्व में इब्राहीमी फाटक पर लोहे के पिलर खड़े कर चौपहिया वाहनों के आने जाने के रास्ते को बंद कर दिया था लेकिन आज विभाग द्वारा दुपहिया वाहनों के रास्ते को भी बंद कराया जा रहा है।
इसका ग्रामीणों ने विरोध करते पहले उन्हें आने जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में अधिकारियों व नेताओ में रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज बनाने का आश्वास दिया था जबतक ओवर ब्रिज नही बनाया जाता रास्ते को बंद नहीं करने दिया जाएगा। रेलवे विभाग के एडीईएन आदित्य सिंह ने बताया कि ग्रामीण बाइक द्वारा इब्राहीमी फाटक को पार करते हैं जिस कारण दुर्घटना होने की संभावना रहती है। इस मौके पर चौ.भूप सिंह, भकियू नेता स. हरि सिंह, सुरेश सैनी आदि मौजूद रहे।

