जनवाणी संवाददाता |
बागपत: दुष्कर्म पीड़िता के आरोपी द्वारा जेल से जमानत छूटने के बाद पीड़िता के पिता को गोली मारने के आरोपी 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, आरोपी से हमले में प्रयुक्त तमंचा व जिंदा तथा खोखा कारतूस बरामद किया है।
बागपत कोतवाली क्षेत्र के गांव की युवती को एक साल पहले तमंचे से आतंकित करते हुए एक युवक ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मामले में जनपद मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के गांव पबरसा निवासी मनीष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में आरोपी लगभग डेढ़ माह पहले जमानत पर जेल से छूटकर आया था। जेल्बसे आते ही मनीष ने पीड़िता के घर पहुंचकर उसके पिता को गोली मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया था लेकिन वह तभी से फरार चल रहा था।
बागपत कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उसके कब्जे से हमले में प्रयुक्त तमंचा व एक जिंदा तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया।
बता दें, आरोपी मनीष के खिलाफ जनपद मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में 18 मुकदमें दर्ज हैं।

