जनवाणी संवाददाता |
बागपत: सूरजपुर महनवा के अय्यूब हत्याकांड में मृतक की पूर्व पत्नी व उसके पति को पुलिस ने सोमवार को टटीरी रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
विदित हो कि शनिवार की रात गांव सूरजपुर महनवा में अय्यूब की उसकी पूर्व पत्नी उजमा ने अपने वर्तमान पति नौशाद के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले की विवेचना कर रहे दरोगा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अय्यूब को पहले गोली मारी गई थी और इसके बाद उस पर इंर्टों से प्रहार किया गया था।

आरोपी ने मृतक को फोन कर बुलाया था
मृतक अय्यूब हत्यारोपी महिला का पति था। करीब एक वर्ष पहले वह अय्यूब को छोड़कर अपने प्रेमी नौशाद के साथ रहने लगी थी। बताया गया है कि उसने नौशाद से शादी भी कर ली थी। इसके बाद से अय्यूब व नौशाद में तनातनी चल रही थी। बताया गया है कि अय्यूब को रास्ते से हटाने के लिए नौशाद ने उसे बहाने से सूरजपुर महनवा बुलाया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और नौशाद की फोन कॉल खंगाली जा रही हैं।

