जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नकुड़ हिमांशु नागपाल के सख्त तेवरों के चलते आखिरकार सैय्यद सराजपुर की 300 बीघा भूमि पर काबिज अवैध कब्जाधारियों को जमीन खाली करनी पड़ी। हिमांशु नागपाल ने कहा कि सरकारी भूमि पर अैवध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।
उन्होंने कहा कि अवैध भूमि पर कब्जा करने वालों की शिकायत की लेखपालों की टीम से जांच कराये जाने के बाद कार्रवाही सुनिशिचत की जायेंगी। हिमांशु नागपाल ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि गंगोह क्षेत्र के ग्राम सैय्यद सराजपुर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिलने के बाद लेखपाल और कानूनगो की टीम कब्जा हटवाने में असफल रही।
सैयद माजरा अहतमाल में करीब तीन सौ बीघा सरकारी जमीन पर पिछले काफी समय से कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। एसडीएम हिमांशु नागपाल, तहसीलदार देवेंद्र सिंह, कानूनगो संजय सिंह, कोतवाली प्रभारी भानू प्रताप सिंह पूरे लाव-लश्कर के साथ हरियाणा सीमा से सटे गांव सैयद माजरा पहुंच गए। सरकारी अमले को देख वहां मौजूद लोगों में हडकंप मच गया।
एक अवैध कब्जाधारी ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन व पुलिस की सख्ती के चलते वह चुपके से निकल गए। राजस्व विभाग की टीम द्वारा बिना किसी विरोध के सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया गया। मौके पर लेखपाल सुरेंद्र कुमार पराशर, राकेश सोलंकी आदि मौजूद रहे।

