- डीएम के निर्देश हुए धूमिल, शिकंजा कसने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
मवाना: पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के चलते नगर क्षेत्र में स्थित पतंग विक्रेता प्रतिबंधित के बाद खुलेआम चाइनीज मांझे की बिक्री करने से बाज नहीं आ रहे हैं। डीएम दीपक मीणा के आदेश जारी किये जाने के बाद पतंग एवं चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री कर सड़क से गुजरने वाले लोगों एवं पक्षियों की जान लेने पर आमद है। डीएम के निर्देश पर नगरपालिका ने भले ही चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर एक दिन खानापूर्ति कर इतिश्री कर ली हो, लेकिन नगर मे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के चलते खुलेआम थाना पुलिस की नाक के नीचे चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही है।

जिसके चलते गुरुवार शाम युवक की चाइनीज मांझे की चपेट में आने के बाद गर्दन कटकर लहूलुहान हो गया। लहू-लुहान अवस्था में परिजनों ने निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराकर उपचार कराया। हस्तिनापुर थानाक्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी अतुल पुत्र मुनेश कुमार गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे मवाना से बाइक द्वारा परिजनों के साथ गांव गणेशपुर बाइक से लौट रहे थे। मवाना थाना के सामने पहुंचने पर अतुल कुमार की चाइनीज मांझे की चपेट में आने के बाद गर्दन कट गई।
बाइक अनियंत्रित होती देख बाइक सवार ने शोर मचा दिया और उसके परिवार के सदस्य अतुल को खून से लथपथ देख घबरा गये। घायल के परिजनों ने आनन-फानन में युवक को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। घायल के परिजनों ने चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की है। चाइनीज मांझा की बिक्री करने वाले व्यापारियों के पालिका में रसूखदारी के चलते पालिका द्वारा चाइनीज मांझे पर कार्रवाई होने से पहले ही अभियान की सूचना लीक हो जाती है और चाइनीज मांझे की बिक्री करने वाले व्यापारी अपनी दुकान बंद कर रफुचक्कर हो जाते हैं। एसडीएम अखिलेश यादव ने कहा कि चाइनीज मांझे की बिक्री करने वाले दुकानों पर छापेमारी कराई जाएगी।

