- मिशन शक्ति के तहत ऊन ब्लॉक में चौपाल का आयोजन
जनवाणी संवाददाता |
ऊन/शामली: मिशन शक्ति अभियान के तहत ब्लॉक कार्यालय पर महिला जनसुनवाई एवं जागरुकता चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रियंवदा तोमर ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर स्वावलंबी बनने का अपील की।
बुधवार को महिला जनसुनवाई एवं जागरुकता चौपाल का शुभारंभ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने प्रस्तुतिगान कर किया। मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी ने सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु शुरू की गई योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्या डा. प्रियंवदा तोमर ने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा व सम्मान के साथ स्वावलंबी बनाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार द्वारा किए गए कार्यों की बदौलत ही आज महिलाएं हर क्षेत्र में नए मुकाम हासिल कर रही है।
उन्होंने महिलाओं से घरेलू हिंसा के प्रति जागरूक होकर विरोध करने की अपील की। बाद में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए तथा प्रस्तुति गान के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रसून राय, उपायुक्त स्वत: रोजगार योजना शैलेन व्यास, महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी, बीएसए गीता वर्मा समेत ब्लॉक के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
उधर, शहर में सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एव स्वावलम्बन के लिये एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को विभिन्न योजनाओ के अन्तर्गत प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि गत 27 फरवरी से 8 मार्च तक मिशन शक्ति का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

