जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: मुख्यमंत्री के निर्देशों पर प्रदेश में मार्गों को गड्ढामुक्त किए जाने का अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य 60497.03 किमी लम्बाई के सापेक्ष 15 नवम्बर तक 54137.81 किमी लम्बाई के मार्ग को गड्ढा मुक्त किया जा चुका है जो कि गड्ढा मुक्ति के लिए निर्धारित लक्ष्य का 89 प्रतिशत है। बचे हुए कार्यों को भी प्राथमिकता पर कराया जा रहा है।
लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत 15 नवंबर तक वाराणसी क्षेत्र में 4421.22 किमी लंबाई के लक्ष्य के सापेक्ष 4022.63 किमी लम्बाई लगभग 91 प्रतिशत मार्ग पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 11040.59 किमी लम्बाई के मार्ग के नवीनीकरण के लक्ष्य के सापेक्ष 15 नवम्बर तक 5070.55 किमी लम्बाई में नवीनीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही विशेष मरम्मत के अन्तर्गत 12563.30 किमी लक्ष्य के सापेक्ष 6345 किमी लम्बाई में सड़कों के विशेष मरम्मत का कार्य पूर्ण किया चुका है।

