जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/सरधना: कृषि यूनिवर्सिटी की जमीन को धोखाधड़ी से बेचनकर लाखों की ठगी का एक मामला सामने आया है। करोड़ों की कृषि यूनिवर्सिटी की जमीन को किस तरह से धोखाधड़ी कर बेचा जा रहा है, इसमें पूरा रैकेट काम कर रहा है। पहले यह रैकेट जमीन बेचकर पैसे लेता है, फिर पैसे वापस मांगने पर हत्या करने की भी धमकी देता है। मामले में धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने का मामला थाने में दर्ज कराया गया है।
तीन लोगों ने एक व्यक्ति को प्लॉट दिलाने के नाम पर करीब छह लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित प्लॉट पर नींव खोदने गया तो पता चला कि भूमि कृषि विवि की है। अब रुपये मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं। गुरुवार को पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सरधना के धर्मपुरी मोहल्ला निवासी सतेंद्र सिंह पुत्र दयाराम सिंह ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2017 में देवी मंदिर मोहल्ला निवासी सुशील ने उसे मोदीपुरम में एक 100 गज का प्लॉट दिलाने की बात कही थी।
उसने दो लोगों से मिलवाया और बताया कि प्लॉट उनका है। जिस पर सतेंद्र ने पांच लाख 88 हजार रुपये देकर उनसे प्लाट का बैनामा करा लिया। कुछ दिन बाद वह प्लॉट पर नींव भरवाने पहुंचा तो कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारी वहां पहुंचे और काम रुकवा दिया।
बताया कि यह विश्वविद्यालय की भूमि है। उसने विक्रेता को बुलाया, लेकिन वह नहीं आए। इस तरह आरोपियों ने उससे लाखों की ठगी कर ली। अब रुपये वापस मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़िÞत की तहरीर पर आरोपी सुशील पुत्र महक सिंह निवासी देवी मंदिर सरधना, नीरज मलिक पुत्र सतवीर सिंह निवासी गंगानगर व सुधीर कुमार पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी ग्राम दांतल मेरठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

