- व्यापारियों ने राज्य सरकार पर व्यापारियों की अनदेखी का आरोप लगाया
- व्यापारियों का कहना है कि व्यापारियों की सुध नहीं ले रही है सरकार : धर्मेंद्र विश्नोई
जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार: प्रदेश सरकार ने कोविड कर्फ़्यू एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया है। जिससे 01 जून से बाजार खुलने की उम्मीद लगाए बैठे व्यापारियों की उम्मीदों को झटका लगा है।
आज शिवालिक नगर, ज्वालापुर, कनखल हरिद्वार सहित अन्य जगहों में नाराज व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ ताली, थाली, शंख बजा कर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
ज्वालापुर के रेल चौकी, शिवालिक नगर, कनखल और हरिद्वार के लालतारों पुल पर इकट्ठा हुए आक्रोशित व्यापारियों ने राज्य सरकार पर व्यापारियों की अनदेखी का आरोप लगाया।
शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र विश्नोई सहित अन्य व्यापारियों का कहना है कि सरकार व्यापारियों की सुध नहीं ले रही है। फिलहाल कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई है ऐसे में कर्फ्यू में ढील देकर व्यापारियों को थोड़ी राहत देनी चाहिए। पिछले लंबे समय से कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के कारण हरिद्वार का व्यापारी त्रस्त है।
व्यापारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार व्यापारियों के हित में कोई ठोस निर्णय नहीं लेती तो व्यापारी बड़े आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे।

