- प्रेमी युगल के शादी रचाने से नाराज थे युवती के रिश्तेदार
जनवाणी संवाददाता |
भोपा: प्रेम विवाह करने से नाराज विवाहिता के रिश्तेदारों ने उसके पति के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया था, वही दहशत फैलाने के लिए गांव में हवाई फायरिग भी की थी, जिस पर विवाहिता ने तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बीते गुरुवार की देर रात पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिससे अवैध असलाह बरामद करते हुए उसे जेल भेजा गया है।
भोपा थानाक्षेत्र के गांव अथाई निवासी आरती ने भोपा थाने पर मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि पिछले माह उसने अथाई निवासी युवक से अपनी मर्जी से आर्य समाज मंदिर मुजफ्फरनगर में शादी की थी। उसके मामा संदीप व संजय निवासी नयागांव थाना मंसूरपुर हाल निवासी अथाई और मोनू व सतपाल निवासी अथाई उसकी शादी से खुश नहीं थे। महिला ने आरोप लगाया था कि बीते रविवार की देर रात को उक्त आरोपियों ने उसके पति के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उसके पति के शरीर में काफी चोट आई है। पीड़ितों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी गांव में हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्यनारायण दहिया व कांस्टेबल मोनू राठौर ने गुरुवार देर रात गश्त के दौरान एक आरोपी संजय पुत्र कश्मीरा को अथाई रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर एक जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है।

