जनवाणी संवाददाता |
बागपत: कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान मंगलवार की रात करीब 10.30 बजे बाईपास महिला थाना के पास से दो केंटरों में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 31 पशु मुक्त कराये हैं। पुलिस ने मौके से छह पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए पशु तस्करों का चालान कर दिया है।
कोतवाली पुलिस मंगलवार की देर रात महिला थाने के पास बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर दों ट्रकों में भरकर पशुओं को ले जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई। थोड़ी देर वहां पर दो आयशर टेंकर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
तलाशी लेने पर केंटरों में पशु भरे मिले। पुलिस के अनुसार पशु क्रूरतापूर्वक ठूस-ठूसकर केंटरों में भरे गए थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि एक केंटर में 9 भैंस, तीन कटरे तथा चार कटिया मिली जबकि दूसरे केंटर में 8 भैंस, दो कटरे तथा 5 कटिया मिली।
पुलिस ने मौके से छह पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। उनमें राजस्थान निवासी रामकुमार,मोहम्मद इकबाल,हुकमीचंद उर्फ पप्पू ढाका व अनिल, सरदुलगढ़ पंजाब निवासी सुरेश कुमार तथा मुजफ्फरनगर के हुसैनाबाद भनवाड़ा निवासी दिलशाद शामिल हैं।
बताया गया है कि तस्कर पशुओं को बागपत से राजस्थान लेकर जा रहे थे। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए पशु तस्करों का चालान कर दिया है।

