- व्यापारी सुरक्षा फोरम ने कृषि अधिकारियों को दिया सम्मान
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कोरोना काल में अन्नदाता किसानों के मार्गदर्शक बने कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को व्यापारी सुरक्षा फोरम ने सम्मानित किया। शामली शहर के माजरा रोड स्थित कृषि विभाग के सभागार में व्यापारी सुरक्षा फोरम द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में डिप्टी डायरेक्टर डा. शिव कुमार केसरी और उनके सहयोगी कृषि रक्षा अधिकारी विकास कुमार एवं मांगेराम, अमित मलिक, कपिल कुमार, अंकुर राठौर, यशपाल सिंह को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर उप कृषि निदेशक शामली डा. शिव कुमार केसरी ने बताया कि कोविड-19 के समय उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट की भूमिका निभाते हुए प्रवासी मजदूरों की खानपान एवं गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था में देर रात तक अपने सहयोगी कर्मचारियों के सहयोग से मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया गया।
वहीं अपने जोन में जनमानस के लिए आवश्यक वस्तुओं यथा दूध, फल, सब्जी आदि की समुचित व्यवस्था के साथ जनपद में रबी फसल की कटाई/मड़ाई एवं खरीफ फसल हेतु कृषि निवेश की व्यवस्था तथा कोविड कंट्रोल रूम की 24 घंटे सेवा उपलब्ध कराई गई। व्यापारी सुरक्षा फोरम के महामंत्री प्रदीप विश्वकर्मा ने बताया कि विभाग के सभी अधिकारियों का व्यवहार किसानों के प्रति बहुत ही सरल है।
इस मौके पर व्यापारी सुरक्षा फर्म के उपाध्यक्ष मुकेश जांगिड, मंत्री मनोज शर्मा, अंकुर गोयल, संयोजक विकास सिंघल, संगठन मंत्री रवि गोयल एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीपाल गोयल, संजय संगल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री प्रदीप विश्वकर्मा ने किया।

