- नहीं बख्शे जायेंगे हत्यारे, शीघ्र होंगे सलाखों के पीछे
जनवाणी संवाददाता |
मोरना: राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने अनुज के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने पुलिस को मामले का शीघ्र खुलासा किये जाने तथा हत्यारों को जेल भेजे जाने के भी आदेश दिये हैं। क्षेत्र के व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं पर रोष व्यक्त करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा किये जाने की मांग की है।
गौरतलब है कि मोरना निवासी दवाई व्यापारी अनुज कर्णवाल की तीन अज्ञात बदमाशों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी,जब वह अपने मेडिकल स्टोर को बंद कर अपने घर जा रहा था। बदमाशों ने अनुज को चार गोलियां मारी थी। देर शाम हुई फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने अनुज को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। व्यापारी की हत्या को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त था।
घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल मृतक अनुज के घर पहुंचे और उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा, चाहे वह कितने भी पावरफुल क्यों न हों।

उन्होंने एसएसपी अभिषेक यादव व एसपी देहात नेपाल सिंह से वार्ता कर इस मामले के शीघ्र खुलासे के आदेश दिये हैं। क्षेत्र के लोगों ने राज्यमंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र में अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं।
आठ माह पूर्व भी बदमाशों ने एक व्यापारी के घर हमला बोलकर एक महिला को चाकूओं से घायल कर दिया था और घर से लाखों रूपये की नकदी व जेवर लूटकर ले गये थे। इस मामले में भी पुलिस अभीतक बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पुलिस समय से पहुंचती तो पकड़े जा सकते थे बदमाश
मृतक के परिजनों का कहना है कि जब बदमाश हमला कर रहे थे,तो उनके द्वारा पुलिस को फोन किया गया, परन्तु पुलिस का फोन नहीं उठ सकता, जिसके चलते उन्हें समय से मदद नहीं मिल पाई। घटना के एक घंटा बाद पुलिस पहुंची, तब तक बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। हालांकि पुलिस अधिकारी देर से पहुंचने की बात को नकार रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस समय से पहुंची थी और घायल अनुज को अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
अनुज हत्याकांड में उसके भाई हरिकांत कर्णवाल उर्फ डब्बू ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है,जिस पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।
‘‘तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा दवा व्यापारी अनुज कर्णवाल की गोली मारकर हत्या की गई, इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और शीघ्र ही मामले का खुलासा करते हुए अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जायेगा’’
-अभिषेक यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
‘‘अनुज को गोली लगने के बाद हम मदद के लिए पुलिस को फोन लगाते रहे, परन्तु पुलिस का फोन नहीं लगा, आसपास के लोगों ने भी मदद नहीं की, बल्कि तमाशबीन बने रहे, पुलिस यदि समय से पहुंच जाती, तो शायद अनुज की जान बच जाती’ -ममता, मृतक की भाभी

