Saturday, March 14, 2026
- Advertisement -

बुआ-भतीजे की सरकार में गरीबों को कुछ नहीं मिला: अमित शाह

  • बागपत नगर में सम्राट पृथ्वीराज चौहान पीजी कालेज के मैदान में हुई सार्वजनिक सभा
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सपा, बसपा, कांग्रेस पर निशाना साधा, भाजपा सरकार की गिनाई उपलब्धियां

मुख्य संवाददाता |

बागपत: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 15 वर्षों तक बुआ-भतीजे की सरकार रही, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। वह बात करते हैं गरीबों, दलितो, पिछड़ों की, लेकिन उन्हें इसका अधिकार नहीं है। जब उनकी सरकार में गरीबों के घर तक कोई योजना पहुंची ही नहीं, उन्हें चिंता भी नहीं होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग की चिंता की और देश को सुरक्षित करने का काम किया।

जनता को उसका हक देने का काम किया। मोदी की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम योगी ने किया। उन्होंने कि जो यूपी अर्थव्यवस्था में 7वें नंबर पर था वह आज दूसरे पर है। जनता ने मौका दिया तो अगले पांच साल में पहले पर होगा। आज यूपी श्रेष्ठ है, अगले पांच साल में बेस्ट करके जनता के हाथ में दे देंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को बागपत नगर में पहुंचे। यहां सम्राट पृथ्वीराज चौहान पीजी कालेज के मैदान में सार्वजनिक सभा हुई। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग जात-पात की बात करते हैं। कुछ लोग धर्म की बात करते हैं। वह चुनाव को गुमराह करते हैं। वह 2014, 2017 व 2019 में भी बागपत आए थे।

55

आज यहां की सड़कों पर चलकर विकास का परिचय होता है। साढ़े सात साल में यूपी को बदलने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। यूपी को विकास के रास्ते पर चलाने का काम किया है। बागपत लोकसभा क्षेत्र में ही 3400 करोड़ से ज्यादा के काम पांच साल में सांसद ने कराए। प्रदेश के अंदर विकास का जाल बुना गया। गंगा एक्सप्रेस वे, ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, बागपत को हरियाणा के साथ जोड़ता हुआ पुल बनाने की बात हो।

हर जगह मोदी ने विकास की नींव डालने का काम किया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वह कान खोलकर सुन ले, बात गरीबों की करते हैं, लेकिन उनके लिए कभी कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के एक करोड़ 82 लाख गरीबों के घर में 70 साल तक बिजली नहीं आई थी, उनके घरों में बिजली पहुंचाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया।

दो करोड़ घरों में शौचालय तक नहीं थे। महिलाओं को परेशानी होती थी, लेकिन मोदी ने इसे करके दिखाया। 82 लाख गरीबों को घर देने का काम किया। एक करोड 80 लाख बहनों को निशुल्क गैस सिलेंडर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी योजनाओं को भेजा और सीएम योगी आदित्यनाथ ने योजनाओं को घर तक पहुंचाने का काम किया है। 15 साल तक बुआ-भतीजे की सरकार में गरीबों के लिए कोई काम नहीं हुआ।

53

कोरोना काल में देश को सुरक्षित करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। कोरोना वैक्सीनेशन कराया। शाह ने कहा कि वैक्सीनेशन का काम शुरू किया तो अखिलेश यादव विरोध करते थे। बाद में डर लगा तो टीका लगवा लिया। देश में सबसे अधिक संख्या में उत्तर प्रदेश में टीकाकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 7वें नंबर की थी। पांच साल जनता ने भाजपा को दिए और योगी को सीएम बनाया।

जिसके बाद यह दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था पर आ गया। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि एक मौका भाजपा को दे दो अगले पांच साल में भारत में एक नंबर की अर्थव्यवस्था यूपी की होगी। पांच साल में भाजपा ने यूपी को श्रेष्ठ यूपी बनाया है। अगले पांच साल में बेस्ट यूपी बनाकर जनता के हाथ में देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में एक भी दंगा नहीं हुआ। जबकि अखिलेश सरकार में दंगे होते थे।

तुष्टीकरण करने के लिए एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए हजारों युवाओं को सलाखों के पीछे डाल दिया गया। जो विक्टिम थे उनको आरोपी बनाया, जो आरोपी थे उन्हें विक्टिम बनाकर छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि देश में दस साल तक सोनिया मनमोहन की सरकार चली। कोई भी घुस जाता था और आतंकवाद ही नजर आता था, लेकिन मोदी सरकार में इसका खात्मा हुआ है।

अब नया भारत है और घर में घुसकर बदला लेता है। भारत के जवानों व सीमाओं की तरफ अब कोई देख नहीं सकता। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने पर अखिलेश यादव कहते थे कि खून की नदियां बहेंगी, लेकिन धारा भी हटाई गई और एक कंकर तक डालने की हिम्मत नहीं हुई।

आज कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बन गया है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता को सोचना है कि जो एक जाति के लिए चुनाव लड़ रहे हैं उन्हें सत्ता देनी है या गरीबों की खुशहाली देखने वालों को देनी है। एक तरफ माफियाओं को संरक्षण देने वाले हैं तो दूसरी ओर माफियाओं का खात्मा करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बागपत से विधायक योगेश धामा को विजयी बनाने की अपील की।

यूपी को बजट में कभी नहीं मिला सम्मान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दस साल तक सोनिया व मनमोहन की सरकार चली और बसपा व सपा का भी समर्थन था। 2013-14 के बजट में उत्तर प्रदेश को 66 हजार 623 करोड़ रुपये दिए गए, जबकि हाल के बजट में मोदी ने यूपी को एक लाख 46 हजार 500 करोड़ का बजट दिया है। उन्होंने कहा कि बजट से ही फर्क साफ दिखता है। वह आंकड़ों की बात नहीं करते। उन्हें इत्र वाले की चिंता अधिक है। जबकि मोदी व योगी को प्रदेश की जनता की चिंता है।

इन्हें किया याद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सार्वजनिक सभा को संबोधित करने से पहले कहा कि यमुना के तट पर बसे महाभारत कालीन बागपत में भगवान त्रिलोकीनाथ, तीर्थधाम, भगवान पार्श्वनाथ मंदिर को प्रमाण करता हूं। किसानों के मसीहा एवं उत्तर प्रदेश में जमींदारी का छोटे किसानों को हक दिलाने वाले चौधरी चरण सिंह को भी उन्होंने प्रणाम किया। साथ ही राजा मिहिर भोज, राम प्यारी चौपाल को भी प्रणाम किया और अशोक चक्र विजेता बिजेंद्र पाल सिंह तोमर को भी याद किया।

विलंब आने पर मांगी क्षमा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम दोपहर 1:20 बजे पुलिस लाइन पहुंचने का था, लेकिन वह तीन बजे पहुंचे और 3:17 पर सभा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंच पर आते ही जनता से हाथ जोड़कर अभिवादन किया और क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि विलंब से आने पर वह क्षमा प्रार्थी हूं।

लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि

स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि देता है। जनता की ओर से भी उन्होंने श्रद्धांजलि दी।

यह रहे उपस्थित

क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, प्रदेश के सहप्रभारी कैप्टन अभिमन्यु, सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, राज्यसभा सांसद व प्रवक्ता जफर इस्लाम, जिला प्रभारी हिमांशु मित्तल, बागपत विधानसभा प्रभारी योगेश त्रिपाठी, रणवीर ढाका, जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल, देवेंद्र प्रमुख, रविंद्र बली, एडवोकेट विजयश्री आदि मौजूद रहे।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

छोटे बच्चों की करें उचित परवरिश

नीतू गुप्ता साफ-सुथरा, हंसता मुस्कुराता बच्चा सभी को अच्छा लगता...

पर उपदेश कुशल बहुतेरे

सही कहा है, दूसरों को उपदेश देने वाले एक...

मराठा कूटनीति के चाणक्य नाना फड़नवीस

मराठा साम्राज्य का संदर्भ आते ही आंखों के सम्मुख...

नीतीश कुमार का अंतिम दांव

बिहार की राजनीति में बहुविध हलचल है। मुख्यमंत्री नीतीश...
spot_imgspot_img