- पुलिस व आबकारी विभाग के खुले संरक्षण में पीने पिलाने का चलता है दौर
- खुलेआम नशाखोरी से आसपास रहने वाले रहते हैं परेशान, नहीं कोई सुनवाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शाम ढलते ही शहर की कई सड़कें मयखाने में तब्दील हो जाती हैं। यूं तो सार्वजनिक स्थल पर शराब पीना अपराध है, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग के कुछ कर्मचारियों की मेहरबानी से खुलेआम सड़कों पर जाम छलकाए जाते हैं। कई बार के बाहर गाड़ियों में ही जाम छलकाए जाते रहते हैं। जबकि बहुत सी जगहों पर ठेकों के बाहर का इलाका मयखाना बना रहता है। यहां ऐसी जगहों पर देर शाम परिवारों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। बड़ी बात यह है कि पुलिस की नजर में सब कुछ रहता है, लेकिन वह भी कार्रवाई से बचती रहती है। बार मालिकों से सेटिंग के चलते ही कोई कदम उठाने से बचती रहती है।
महानगर में तमाम ऐसे इलाके हैं जो शाम ढलते-ढलते स्ट्रीट बार में तब्दील हो जाते हैं। यूं तो पूरे महानगर में थानोंकी छत्रछाया में स्ट्रीट बार खुल जाते हैं। दरअसल नॉनवेज की जितनी भी दुकानें व ठेले लगते हैं, उनके आसपास खुले में या फिर गाड़ियों में बैठकर खराब की बोतलों के ढक्कन खुलने लगते हैं। ऐसा नहीं कि पुलिस वालों को इसकी खबर नहीं है। पुलिस वालों को इसकी पूरी जानकारी होती है और पुलिस वाले ही इस बात का ध्यान रखते हैं कि इनके पीने पिलाने में किसी प्रकार की बाधा ना पडेÞ।
ओपन बार के शौकीन वैसे तो अपने साथ पीने पिलाने का पूरा सामान लेकर चलते हैं, लेकिन जो नहीं लेकर आते हैं, उनके लिए यह सुविधा जहां से वो खाने पीने का सामान यानि स्नैक्स खरीदते हैं, वहां से मिल जाती है। तमाम ऐसी जगह हैं जहां शौकीनों के लिए शराब का इंतजाम भी पहले ही रखा जाता है, लेकिन यह सुविधा केवल कुछ खास व रैग्यूलर आने वालों को ही मुहैय्या करायी जाती है।
ये इलाके हैं खासे बदनाम
शाम ढलते ही जिन इलाकों में स्ट्रीट बार आबाद हो जाते हैं, उनमें लालकुर्ती का इंडाना बार व एसजीएम गार्डन और जीरो माइल चौराहे पर लगाने वाली नॉनवेज की दुकानों के आसापास का इलाका, सदर बाजार थाने का रोडवेज, रजबन, काठ का पुल, चाट बाजार व बेगमपुल तथा सोतीगंज, टीपीनगर थाना क्षेत्र का सबसे ज्यादा बदनाम नई बस्ती, मलियाना व रेलवे लाइन का इलाका, मेवला फाटक के आसपास दिल्ली रोड, रेलवे रोड थाना क्षेत्र का दिल्ली रोड का इलाका, थाना देहलीगेट का घंटाघर के तमाम आरामघर, ब्रह्मपुरी का माधवपुरम व दिल्ली रोड, कंकरखेड़ा में शिव चौक, हाईवे के पास, दायमपुर, शोभापुर पुलिस चौकी क्षेत्र। इसी तर्ज पर नौचंदी थाना क्षेत्र का हापुड़ स्टैंड व गढ़ रोड सोहराबगेट के आसपास का इलाका शामिल हैं। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी प्रदीप कुमार का कहना है कि अवैध रूप से शराब की बिक्री रोकने के लिए सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाती है। बराबर निगरानी की जाती है।
कभी कभार चलता है पुलिस का अभियान
शहर की सड़कें स्ट्रीट बार बनने के चलते कई बार जब आला अफसरों के सब्र का पैमाना छलकता है, तभी साल में एकाध बार पुलिस ऐसे स्ट्रीट बार पर कार्रवाई के लिए सड़क पर उतरती है। इस दिन शराब को लेकर चेकिंग चलती है और लोगों को पकड़ा जाता है। अन्यथा पूरे दिन धंधा धड़ल्ले से बेरोकटोक चलता रहता है।

