- खैरनगर से गुजर रहा था जुलूस, अजादारी को पहुंची थी युवती, आरोपी को भीड़ ने जमकर पीटा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: देहलीगेट थाना के खैरनगर शनिवार की रात को मुहर्रम के जुलूस में एक युवती को खींचने पर हंगामा मच गया। जमकर बवाल हुआ। लोगों ने धार्मिक उत्तेजक नारे भी लगाए। हल्का पथराव भी हुआ। हालांकि पुलिस ने पथराव से इंकार किया है। भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। घटना को लेकर शहर का माहौल गरमा गया था। हालांकि बाद में जब स्थिति स्पष्ट हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
शनिवार की रात को खैरनगर से मोहर्रम का जुलूस गुजर रहा था। जुलूस में एक युवती अपने परिजनों के साथ अजादारी को पहुंची थी। बताया जाता है कि जुलूस जब खैरनगर में मिरासी वाली गली के समीप पहुंचा तो एक युवक ने अपने साथी के साथ उसको हाथ पकड़ कर जुलूस से अलग खींचने का प्रयास किया। युवती बुरी तरह घबरा गयी। वह जोर से चीखी। उसके चीखने की आवाज सुनकर वहां सब होग चौंक गए। जुलूस भी रुक गया।
जुलूस में शामिल लोगों को जब पता चला कि अजादारी को पहुंची युवती से छेड़खानी की गयी है तो माहौल गरमा गया। उत्तेजित भीड़ ने छेड़खानी के आरोपी को गिराकर पीटना शुरू कर दिया। उसकी जमकर पिटाई की गयी। कपडेÞ तक फट गए। इस बीच किसी ने सूचना दी तो मौके पर थाना कोतवाली व देहलीगेट पुलिस पहुंच गयी। पुलिस ने बामुश्किल भीड़ से युवती को छुडाया और थाना देहलीगेट लेकर आ गयी।
छेड़खानी करने वाले युवक का नाम जैद निवासी पूर्वा फैय्याज अली जलीकोठी है। उसका एक साथ फरार हो गया है। इस घटना को लेकर पूरे शहर में तरह-तरह की अफवाहें फैल गयीं। हालांकि मामले की सही जानकारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटन के बाद आसपास सतर्कता बढा दी गयी है। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

