- एक बार फिर व्यापारी की जेब से उडाए 50 हजार
- बीते एक माह में यह तीसरी घटना
जनवाणी संवाददाता |
नानौता: नगर में जेब तराशी की घटनाएं लगातार जारी हैं। हैरत की बात यह है कि अब तक कोई भी जेब तराशी की घटनाओं को अंजाम देने वाला आरोपी नहीं पकडा गया है, जबकि संजय चौक पर पुलिस चौकी के सामने ही जेब कतरे घटनाओं को लगातार अंजाम दे रहे हैं। बीते एक माह में नगर के तीसरे व्यापारी की जेब बस में चढते समय तराशी गई है।
गुरूवार की सुबह करीब 10 बजे नगर के गुरूद्वारा चौक पर कपडे का व्यापार करने वाले व्यापारी तेजपाल सैनी अपने पुत्र नरेंद्र सैनी के साथ नानौता से सहारनपुर बस में जा रहे थे। संजय चौक से वें जैसे ही बस में चढे तो किसी अज्ञात ने उनकी जेब साफ कर दी। पीडित व्यापारी को जब तक जानकारी हुई तब तक जेब कतरा फरार हो चुका था। व्यापारी के अनुसार उसके बनियान की दो जेबों में 50-50 हजार रूपए थे।
जिसमें एक जेब के पैसे सुरक्षित हैं, जबकि दूसरी जेब ब्लेड आदि से काटकर पूरी रकम उडा ली गई। पीडित व्यापारी का रो रोकर बुरा हाल है। यहां बता दें कि इसी एक माह में जेब तराशी की यह तीसरी घटना है। गौर करने वाली बात यह है कि सभी घटनाएं गुरूवार के दिन ही घटित हुई हैं। चूंकि गुरूवार के दिन साप्ताहिक बाजार बंदी के तहत नगर का बाजार बंद रहता है और अधिकांश व्यापारी दुकानों का सामान लेने के लिए सहारनपुर जाते हैं। आज हुई घटना में पीडित व्यापारी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए कार्यवाही की मांग की है।

