जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: क्षेत्र गांव बराला बाईपास मार्ग पर एक आई-20 कार से एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त उसके ड्राइविंग लाइसेंस से गांव पावर्टी कलां के प्रोपर्टी डीलर के रूप में हुई।
गत 25 अगस्त को उसने भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ज्वाइन की थी। साथ ही, 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए वह कैराना विधानसभा सीट से टिकट की लाइन में बताया जा रहा है।
मृतक के गले व चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। मुंह से खून निकल हुआ था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैराना कोतवाली पुलिस मंगलवार की सुबह क्षेत्र के गांव बराला बाईपास मार्ग पर एक आई-20 कार में एक शव होने की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस को वहां एक सफेद रंग की आई-20 कार खड़ी मिली। कार की पिछली सीट पर एक अधेड़ व्यक्ति शव पड़ा था। पुलिस उपाधीक्षक कैराना जितेंद्र सिंह ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस से मृतक की शिनाख्त मुरसलीन पुत्र शहजाद निवासी पांवटी कलां हाल निवासी मोहल्ला आलकलां कैराना के रूप में हुई।
मुरसलीन की उम्र करीब 45 वर्ष थी। वह प्रोपर्टी डीलर का काम करता था। शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान नहीं है लेकिन मुंह से खून निकल रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्ट को भेज दिया। पोस्मार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
भीम आर्मी भारत एकता मिलन के जिला प्रभारी नासिर चौधरी एडवोकट ने बताया कि मुरसलीन ने 25 अगस्त को सहारनपुर में भीम आर्मी चीफ के समक्ष पार्टी कार्यालय पर आजाद समाज पार्टी ज्वाइन की थी। उसके बाद से वह पार्टी के दो कार्यक्रम कैराना में करा चुका था।
सोमवार को भी आजाद समाज पार्टी की एक मीटिंग कैराना में हुई थी।
मृतक के भाई फाजिल का कहना है कि मुरसलीन बिरादरी का चेयरमैन था। वह भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की पार्टी से कैराना विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था।

