- 40वीं उप्र राज्य शूटिंग बॉल प्रतियोगिता में दिखाई अपनी प्रतिभा
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: सिल्वर बैल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित 40वीं उत्तर प्रदेश राज्य शूटिंग बॉल प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग की बागपत टीम ने फाइनल मैच जीतकर अपना दबदबा बनाया। सीनियर बालिका वर्ग में गाजियाबाद की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वी मुजफ्फरनगर की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शामली शूटिंग बॉल एसोशिएसन द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग में बागपत की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वी मेरठ ब्लू की टीम को हराकर ट्रॉफी पर अपना कब्जा किया। बागपत की टीम ने तीन में से दो सीधे मुकाबले जीतकर अपना वर्चस्व स्थापित किया।
तीसरे स्थान पर मेरठ रेड टीम रही जबकि चतुर्थ स्थान शामली टीम को प्राप्त हुआ। मुख्य अतिथि मानस संगल ने प्रत्येक टीम के खिलाडियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
सीनियर बालिका वर्ग में गाजियाबाद की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वी मुजफ्फरनगर की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुजफ्फरनगर की टीम द्वितीय और वाराणसी की टीम तृतीय रही। चंदौली की टीम चौथे स्थान पर रही। विजेता टीम को शूटिंग बॉल फेडरेशन आफ इंडिया के महासचिव रविंद्र तोमर निरीक्षक डा. ओपी माचरा तथा शामली शूटिंग बॉल एसोशिएसन के अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने विनर ट्रॉफी तथा नकद पुरस्कारर देकर सम्मानित किया।
प्रथम टीम को 5100 रुपये, द्वितीय को 3100 रुपये तथा तृतीय रही टीम को 2100 तथा चतुर्थ स्थान पर रही टीम को 1100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। सभी कोच, वरिष्ठ खिलाडियों, रैफरी और अन्य सहयोगियों को भी प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का मंच संचालन विनीत तोमर ने किया। प्रधानाचार्य डा. अरविन्द वर्मा ने कहा कि खेल भावना से एकता के साथ-साथ संगठन में शक्ति की सोच का भी विकास होता है।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में शूटिंग बॉल एसोशियसन के सदस्य गजेंद्र सिंह, विनित निर्वाल, प्रवीण कुमार, दिनेश कुमार, कुलबीर सिंह, सतीश कुमार, सुभाष, जयवीर सिंह आदि का सहयोग रहा।

