जनवाणी संवाददाता ।
सहारनपुर: एटीएस सहारनपुर इकाई और थाना चिलकाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 17 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बांग्लादेशी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जाहिद पुत्र अहमद फकीर उर्फ डल्लू निवासी बांदरबन (बांग्लादेश) के रूप में हुई है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि आरोपी वर्ष 2009 में विदेशी अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में नामजद था। जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट जारी थे। मुखबिर की सूचना पर उसे साइफन पुलिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से बांग्लादेशी पहचान पत्र, एक मोबाइल फोन और फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ है।
मोबाइल की जांच में अन्य संदिग्ध दस्तावेजों की तस्वीरें भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से विभिन्न राज्यों में छिपकर रह रहा था। उसके विदेशी संपर्कों की भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना चिलकाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

