जनवाणी संवाददाता ।
सहारनपुर: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में जनपद प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और स्वनिधि जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। सरकार की नीतियों से गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य हुआ है।
प्रभारी मंत्री ने सहारनपुर में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, स्मार्ट सिटी परियोजना, विश्वविद्यालय निर्माण, एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल और विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

