- नगर निगम प्रवर्तन दल ने ट्रांसपोर्टर के यहां छापा मारकर बरामद किए आठ कट्टे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद व्यापारी प्रतिबंधित पॉलीथिन की ब्रिकी करने से बाज नहीं आ रहे है। प्रशासन द्वारा इसकी रोकथाम के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है, मगर फिर भी पूरी तरह इस पर लगाम नहीं लग पा रही है। शहर में आये दिन छापामारी कर नगर निगम प्रवर्तन दल बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद कर रहा है, जो व्यापारियों के गोदामों और मकानों से मिल रही है। मंगलवार को एक बार फिर टीपीनगर क्षेत्र से आठ कट्टे पॉलीथिन के बरामद हुए है जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये हैं।
मंगलवार को सेवानिवृत्त लेंफ्टिनेट शक्ति सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम प्रवर्तन दल टीपीनगर क्षेत्र में चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान दल को सूचना मिली कि एनएस कार्गो ट्रांसपोर्टर के यहा से बोरों मे ंभरकर प्रतिबंधित पॉलीथिन शहर में सप्लाई के लिए भेजी जा रही है। टीम ने मौके पर छापा मारकर पॉलीथिन से भरा ठेला पकड़ लिया। ठेला मजदूरी पर कार्य करने वाले सलमान का निकला।
ठेले में प्रतिबंधित पॉलीथिन के आठ कट्टे भरे हुए थे जिनके ऊपर गत्ते की पैकिंग की गई थी। सलमान ने पूछताछ में बताया कि वह ट्रांसपोर्टर के यहां से नंदकिशोर नाम के व्यापारी के यहां माल की डिलीवरी करने के लिए जा रहा था। प्रवर्तन दल पॉलीथिन के कट्टों को कब्जे में लेकर नगर निगम कार्यालय ले आया और उनको स्टोर रूम में जमा करा दिया गया। व्यापारी को मामले की जानकारी दी गई, लेकिन वह नगर निगम दफ्तर बुलाने के बावजूद नहीं पहुंचा। प्रवर्तन दल व्यापारी के बारे में जानकारी जुटाने में जुट गया है।

