- पुलिस लाइन सभागार में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत कार्यशाला में दी गई यातायात नियमों की जानकारी
- एआरटीओ ने विभाग की ओर से उठाए गए कदमों की कार्यशाला में दी जानकारी
मुख्य संवाददाता |
बागपत: सड़कों पर चलते समय यातायात के नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, सील्ट बेल्ट के बिना वाहन न चलाएं। यह आह्वान कार्यशाला में पुलिस-प्रशासन व परिवहन के अधिकारियों ने किया। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करें। सड़क पर संभलकर चलें और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत पुलिस लाइन सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि हम सभी को सड़क पर चलते समय प्रत्येक नियम का पालन करना चाहिए। अगर कहीं लाल बत्ती है तो उसका पालन करें। दोपहिया वाहन को बिना हेलमेट के न चलाएं, ओवर स्पीड वाहन न चलाएं।
उन्होंने कहा कि अगर हम सभी यातायात नियमों का पालन करेंगे तो सड़क हादसों में भी कमी आएगी और जिंदगी खतरे में नहीं पड़ेगी। एसपी अभिषेक सिंह ने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन करने का ही नतीजा है कि कई जान खतरे में पड़ जाती है। सड़क हादसे होते हैं। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नियमों का पालन करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क पर अगर कहीं डिवाइर है तो उस पर मनमर्जी का कट न लगाएं।
उससे हादसे का खतरा रहता है। उन्होंने नियमों का पालन करने की अपील की है। एआरटीओ सुभाष राजपूत ने कार्यशाला में बताया कि प्रदेश में वर्ष 2020 में सितंबर माह तक 23618 सड़क दुर्घटनाओं में 13232 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है तथा 15554 व्यक्ति घायल हुए हैं।
बागपत जनपद में वर्ष 2019 में 265 दुर्घटनाओं में 150 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 201 व्यक्ति घायल हुए। इस वर्ष जनवरी से सितंबर तक 146 दुर्घटनाओं में 72 की मृत्यु और 122 घायल हुए। उन्होंने बताया कि नियमों का पालन किया जाएगा तो दुर्घटनाओं पर अंकुश भी लगेगा। उन्होंने बताया कि एक जनवरी से अक्टूबर तक 2156 वाहनों का चालान किया गया। जिसके फलस्वरूप 343.13 लाख प्रशमन शुल्क के रूप में वसूल किया गया।
ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। 896 वाहनों का चालान ओवरलोड में किया गया और 234.11 लाख प्रशमन शुल्क वसूला गया। रोड सेफ्टी ट्रैफिक प्रशिक्षण कार्यशाला में निर्देश दिए गए। चिन्हों को प्रोजेक्टर पर फिल्म के माध्यम से दिखाकर जागरूक किया। इस अवसर पर एएसपी मनीष मिश्रा आदि सहित अन्य अधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, बस यूनियन के पदाधिकारी, स्कूल-कालेजों के शिक्षक व छात्र आदि मौजूद रहे।
घायल को अस्पताल पहुंचाने पर मिलेंगे दो हजार रुपये
सड़क पर दुर्घटना के बाद कोई घायल तड़पता न पड़ा रहे, इसके लिए लोगों को आगे आने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले व्यक्तियों को निकटतम हॉस्पिटल ले जाने का कार्य करने वालों को गुड सेमेरिटन कहा जाता है। उच्चतम न्यायालय के निर्णयानुसार ऐसे व्यक्तियों से उनकी इच्छा के विरूद्ध पुलिस द्वारा कोई पूछताछ नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) के लिए दो हजार रुपये बतौर पुरस्कार दिए जाने की योजना भी है।
बागपत जनपद में 24 ब्लैक स्पॉट्स
जनपद में 24 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित किए गए हैं। जिनमें 15 दिल्ली-सहारनपुन नेशनल हाइवे पर है तथा तीन मेरठ-बागपत पर हैं। इसके अतिरिक्त 6 ब्लैक स्पॉट्स लहचौड़ा, रटौल, पुसार, दाहा, बामनौली, मलकपुर में स्थित हैं।
22 वाहनों को ओवर स्पीड में पकड़ा
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर ओवर स्पीड पर लगाम नहीं लग पा रही है। शनिवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर इंटरसेप्टर के माध्यम से ओवर स्पीड वाहनों के चालान किए गए। एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि 22 वाहनों के ओवर स्पीड में चालान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस वे पर पूर्व में 189 वाहन ओवर स्पीड में मिले हैं, जिनके चालान किए गए हैं। इनमें एक कार की गति 183 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से पकड़ी गई है। संभागीय निरीक्षक प्राविधिक विनय कुमार सिंह ने 21 स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया और कोविड-19 से बचाव व नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

