जनवाणी ब्यूरो।
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में आज उन्नाव दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए गए भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के मुकदमे की सुनवाई हुई। शीर्ष अदालत ने सेंगर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। सुनवाई के दौरान पीठ ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी। अब अदालत के विस्तृत फैसले का इंतजार किया जा रहा है।
सेंगर के खिलाफ सीबीआई की याचिका
सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली पीठ ने आज केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका पर सुनवाई की। यह याचिका दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती देती है, जिसमें कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित किया गया था।
दिल्ली हाईकोर्ट ने 23 दिसंबर को सेंगर की उम्रकैद को निलंबित कर दिया था, जिसके बाद सीबीआई ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। इस मामले में अधिवक्ता अंजलि पटेल और पूजा शिल्पकार की ओर से दायर याचिकाओं पर भी सुनवाई होनी है।
उन्नाव दुष्कर्म मामला देश के सबसे संवेदनशील और चर्चित मामलों में से एक है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट का रुख इस मामले में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पीड़ित पक्ष का बयान
सुप्रीम कोर्ट में फैसले से पहले उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता और उनकी मां ने रविवार को जंतर-मंतर पर सेंगर को मिली जमानत के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचे।
पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि वहां से उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि उन पर केस वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम बिना किसी डर के अपनी कानूनी लड़ाई लड़ना चाहते हैं और इसके लिए हमें सुरक्षा की जरूरत है।”
पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह सुरक्षा प्रदान की जाए, जिससे वह निडर होकर अपनी लड़ाई जारी रख सकें।

