- कोरोना की एंटीजन जांच के बाद किया मरीजों का उपचार
- शनिवार से सामान्य मरीजों का खुले में होगा उपचार
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: जनपद बिजनौर के जिला अस्पताल में सर्जिकल ओपीडी शुरू हो गई। कोरोना की एंटीजन जांच के बाद मरीजों का उपचार किया गया। शनिवार से खुले में सामान्य मरीजों को देखा जाएगा।
जनपद में कोरोना वायरस संक्रमण के चलते जिला अस्पताल में ओपीडी की सुविधा बंद कर दी गई थी। जिला अस्पताल में कोरोना के मरीज देखे जा रहे थे। अब कोरोना के मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन घट रही है। जिला अस्पताल में सीरियस मरीजों की संख्या नहीं है।
कोरोना के नाम-मात्र के मरीज ही उपचार करा रहे है। ऐसे में शुक्रवार से जिला अस्पताल में सर्जिकल ओपीडी शुरू की गई। इसमें ऐसे मरीज जिनका आपरेशन होना है या किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। ऐसे में मरीजों को एंटीजन जांच के बाद देखा गया। डा. राधेश्याम वर्मा ने गंभीर बीमारी से संबंधित मरीजों को देखा और उपचार किया।
उधर प्रभारी सीएमएस डा. मनोज सैन ने बताया कि शुक्रवार से सर्जिकल ओपीडी शुरू की गई। अब शनिवार से खुले में सामान्य बीमारी के मरीजों को देखा जाएगा। सर्जिकल ओपीडी में मरीजों को पहले एंजीटन और आरटीपीसीआर जांच भी करानी होगी। ऐसे मरीज आधार कार्ड अवश्य लाए।

