- लापरवाह एमओआईसी का वेतन रोकने के निर्देश: डीएम
- टीकाकरण में मानकानुरुप नहीं हो रही प्रगति
जनवाणी संवाददाता |
बिजनौर: डीएम ने टीकाकरण कार्य में निरन्त रूप से निर्देशित किए जाने के बावजूद एमओआईसी व स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारी मानकानुरूप प्रगति न बढ़ाए जाने पर नाराजगी दिखाई। सीएमओ को वेतन आहरित न करने के निर्देश दिए। डीएम रमाकांत पाण्डेय ने बताया कि टीकाकरण कार्य में प्रदेश स्तर पर 72वें स्थान पर जिला है।
इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमओ को कड़े निर्देश दिए इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए मानक के अनुरूप प्रगति होने तक उनके वेतन का आहरण न किया जाए और सबसे खराब प्रगति पाए जाने वाले एमओआईसी को हटाकर उनके स्थान पर अन्य जिम्मेदार चिकित्सक को तैनात किया जाए।

उन्होंने कहा बार-बार दिए जाने वाले निर्देशों और जिले में अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होने के बावजूद टीकाकरण कार्य में जिले की प्रगति अत्यंत खराब है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो संबंधित एमओआईसी के विरूद्व कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने जननी सुरक्षा योजना तथा परिवार नियोजन कार्यक्रम में बहुत कम प्रगति पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। टीकाकरण कार्य में जिन एमओआईसी के कार्य की प्रगति अत्यन्त खराब है और जो एएनएम एवं कर्मचारी इस कार्य में शिथिलता के जिम्मेदार हैं, उनका वेतन रोक दिया जाए। इस अवसर पर सीडीओ केपी सिंह, सीएमओ डा. विजय कुमार यादव, सभी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं एमओआईसी तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

