जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: कस्बे में नैडू मार्ग पर स्थित मोहल्ला सैनियान निवासी बाइक मकैनिक की सड़क हादसे में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि 22 वर्षीय अमरदीप सोमवार को अपने एक दोस्त के साथ सुबह सवेरे करीब 6 बजे गांव निठारी जनपद मुजफ्फरनगर अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। बताया गया है कि जैसे ही वह खतौली से जानसठ मार्ग पर गांव लिसोड़ा के पास पहुंचा तो उसकी बाईक सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई।
इस हादसे में अमरदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका दोस्त भी घटना में घायल हुआ है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। बताया गया है कि अमरदीप अपने परिवार में दो बहनों का अकेला ही भाई था। उसकी दोनों बहने शादीशुदा है। मृतक दौराला में बाइक रिपेयरिंग का कार्य करता था।
इस हादसे पर चेयरमैन अब्दुस समद, सपा नेता सैयद रिहानुद्दीन, सैयद मोहम्मद ईसा, अनुज सैनी, डॉक्टर आदेश शर्मा आदि गणमान्य लोगों ने आहत परिवार को सांत्वना दी। पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर गहरा दुख व्यक्त किया है।

