जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: टीपी नगर थाने के सामने बुधवार दोपहर को तेज गति से आ रहे बाइक सवार युवक ने ओवरटेक कर बाइक में टक्कर मारकर बुजुर्ग को घायल कर दिया। चौराहे पर खड़ी ट्रैफिक पुलिस युवक को गिरफ्तार कर घायल को थाने ले गई। जहां पुलिस ने घटना स्थल रेलवे रोड थाना क्षेत्र बताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया। सूचना मिलते ही घायल के परिजन टीपी नगर थाने पहुंचे और बुजुर्ग को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कर दिया।
परतापुर निवासी बिजेंद्र अपने बेटे राहुल के साथ मलियाना से फुटबॉल चौराहे होते हुए अपने घर परतापुर जा रहे थे। जैसे ही टीपी नगर थाने के सामने पहुंचे इस दौरान पीछे से आ रहा तेज गति बाइक सवार युवक अब्बू बक्कर निवासी सुभाष बाजार ने ओवरटेक कर टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में बिजेंद्र की कमर में गुम चोट लगी और हाथ फट गया। लहूलुहान स्थिति में दोनों बाइक सवारों को ट्रैफिक पुलिस टीपी नगर थाने ले गई।
घटना स्थल रेलवे रोड थाना क्षेत्र का होने के कारण घायल का बिना मेडिकल कराये टीपी नगर पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस से रेलवे रोड थाने ले जाने को कहा। ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे रोड पुलिस को एक्सीडेंट की सूचना देते हुए युवक को टीपी नगर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल के परिजन टीपी नगर थाने पहुंचे और घायल को नजदीकी अस्पताल ले गये।

