जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: खतौली सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी ने गुरुवार को नामांकन कर दिया। भाजपा नेता और केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान और राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने राजकुमारी सैनी का कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन कराया। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी ने दावा किया कि जनता उनके साथ है।
ज्ञात रहे कि 11 अक्टूबर को विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने 29 अगस्त 2013 के दंगे के एक मामले में फैसला सुनाते हुए खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी को 2 वर्ष कैद की सजा सुनाई थी। जिसके बाद विधानसभा सचिवालय से जारी अधिसूचना के आधार पर चुनाव आयोग ने विक्रम सैनी की सदस्यता रद्द करते हुए खतौली सीट को शून्य घोषित कर दिया था। आयोग ने उसके बाद 5 दिसंबर को पुन: चुनाव की घोषणा की थी। जिसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों के नामाें की घोषणा की।
भाजपा ने खतौली विधानसभा उप चुनाव के लिए निवर्तमान विधायक विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया था। गुरुवार को खतौली के आर्यन बैंक्वट हाल में आयोजित राजकुमारी सैनी की नामांकन सभा में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने साफ कहा कि वह पार्टी प्रत्याशी की जीत पर आश्वस्त हैं। उसके उपरांत केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और अन्य पार्टी नेताओं के साथ राजकुमारी सैनी खतौली सीट पर नामांकन करने के लिए लकक्ट्रेट पहुंची।
लोगों के सुख दुख में हमेशा साथ रहूंगी: राजकुमारी सैनी
वहां उन्होंने कहा कि वह जीत के प्रति आश्वस्त हैं। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्चव में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ रहा है। उसी आधार पर जनता ने उनके पति विक्रम सैनी को दो बार जिताकर विधानसभा भेजा। कहा कि पार्टी ने इस बार उनके ऊपर विश्वास जताया है। वह जनता के दरबार में जा रही हैं, आश्वस्त हैं कि जनता इस बार उन्हें भी विजयश्री दिलाकर विधानसभा पहुंचाएगी। कहा कि वह विश्वास दिलाना चाहती हैं कि लोगो के सुख दुख की भागीदार बनी रहेंगी।
गांव कवाल की प्रधानी कर चुकी हैं राजकुमारी सैनी
निवर्तमान विधायक विक्रम सेनी की पत्नी फिलहाल एक गृहणी हैं। हांलाकि 2005 से 2010 तक वह जानसठ थाना क्षेत्र के गांव कवाल की प्रधान रह चुकी हैं। इससे पूर्व भी वह भाजपा मंडल उपाध्यक्ष का पद संभाल चुकी हैं। कहती हैं कि खलियान से लेकर घर की देहरी तक उन्होंने अपनी भूमिका पूर्ण निष्ठा के साथ निभाई है। अब राजनीति में भी वह अपनी भूमिका को निष्ठा के साथ अदा करेंगी।

