- निर्माण विभाग की फाइलों में धोखाधड़ी के लगाये आरोप
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भाजपा पार्षदों ने नगर आयुक्त का घेराव किया। उन्होंने नजारत एवं निर्माण विभाग की फाइलों में धोखाधड़ी के आरोप लगाये हैं। नगर आयुक्त ने कार्रवाई का यकीन दिलाया है। भाजपा पार्षदों ने सोमवार को नगर आयुक्त का उनके कैंप कार्यालय में घेराव किया। भाजपा पार्षदों ने कहा कि नजारत विभाग द्वारा निगम के अंदर खुला भ्रष्टाचार चल रहा है। लगातार ठेकेदार द्वारा फर्जी फाइल बनाकर नजारत बाबू और अधिकारियों से मिलकर बिना किसी हुए कार्य का पैसा पास करा लिया जाता है।
नेतृत्व कर रहे वार्ड-44 के भाजपा पार्षद उत्तम सैनी ने कहा कि गत 26 अप्रैल 2024 को हुए लोकसभा चुनाव में निगम के निर्माण विभाग द्वारा मतदान केंद्रों पर केवल कुर्सी और मेज की व्यवस्था की गई थी। बाकी की व्यवस्था क्षेत्र के पार्षदों द्वारा की गई थी, लेकिन ठेकेदार ने अपनी फर्जी फाइल बनाकर सभी चीजों को उसमें जोड़कर कई कई लाख की फाइल बनाकर उसका पैसा निगम से अलग अलग ले रहा है। पार्षदों ने यह भी कहा कि अभी कुछ माह पहले निगम के पार्षद कक्ष में 50 हजार रुपये की कीमत का सोफा लेकर आए थे
जिसकी फाइल साढ़े तीन लाख रुपये की बनी जो कीमत से 7 गुना है। पार्षद पक्ष में एक साल से ना कोई अलमारी लगी है ना कोई कुर्सी ठीक हुई है और ना कोई नई कुर्सी आई है लेकिन उसकी भी फर्जी फाइल बनाकर उसका पैसा लिया जा रहा है। यूनियन के अध्यक्ष द्वारा भी बहुत सारी फाइलों का पैसा नजारत के द्वारा लिया जा रहा है। इन सभी फाइलों के बारे में बताया गया। मामले को देखते हुए नगर आयुक्त ने नजारत और निर्माण विभाग की फाइलों की जांच करवा कर सख्त से सख्त कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

