जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: भाजपा ने आगामी नगरीय निकाय के चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है। शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारियों सहित नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी द्वारा नियुक्त किए गए संयोजकों तथा प्रभारियों की बैठक सम्पन्न हुई। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं को नगर निकाय के चुनाव में पार्टी की अभूतपूर्व सफलता के लिए मार्गदर्शन किया व आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। पार्टी निकाय स्तर पर 14 व 15 अक्टूबर को बैठक करेगी। जबकि 16 व 17 अक्टूबर को वार्ड शक्ति केन्द्र स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी। नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के चुनाव को लेकर अवध-कानपुर क्षेत्र, बृज व पश्चिम क्षेत्र और गोरखपुर व काशी क्षेत्र की सायंकाल अलग-अलग क्षेत्र की बैठकें हुई।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार की नीतियों का शत प्रतिशत लाभ जनता को तभी मिल सकता है जब निकायों में भाजपा की सरकार हो, यानि निकायों में भी एक बार फिर भाजपा की जीत का परचम फहरेगा तो हम और भी अधिक मजबूती से अपने काम और प्रभाव दोनो को बढ़ा सकेंगे।
चौधरी ने कहा कि पिछले साल ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों में भाजपा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। उसके बाद हुए विधानसभा 2022 के चुनावों में भी हम दोबारा चुनाव जीतकर आए हैं। अब नगर निकाय के चुनाव होने जा रहे हैं, हमें एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहराना है। यह इसलिए भी जरूरी है कि नगर निकायों की स्थानीय सरकार में जब हमारी पार्टी सत्ता में होगी तो केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं जमीन पर उतर सकेंगी, आम लोगों के लिए हम और भी अच्छे ढंग से जनकल्याणकारी और विकास के कार्य कर सकेंगे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस हताशा व निराशा के गर्त में डूबे हुए है फिर भी हमें विपक्ष को कमजोर नहीं समझना है और पूरी तैयारी तथा मेहनत के साथ नगरीय निकाय चुनाव लड़ना है। उन्होंने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी के अनुभव और परिश्रम के से भाजपा ने बहुत चुनाव लड़े और जीते है। हमें नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत के अध्यक्ष व सभी पार्षदों की सुनिश्चित विजय के संकल्प के साथ चुनाव की तैयारी में जुटना है। प्रदेश के मतदाता भाजपा के साथ हैं हमें मतदाताओं से सम्पर्क और उन्हें मतदान केन्द्र तक पहुंचाने का काम करना है। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों व गणमान्य जनों को भी योजनापूर्वक पार्टी से जोड़कर नगर निकाय के चुनाव में पार्टी की जीत के संकल्प के साथ सक्रिय करने पर जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता अपने परिश्रम से प्रदेश में विजय की परम्परा प्रारम्भ कर चुका है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के मतदाताओं से सतत संवाद व सम्पर्क ने भाजपा को जन-जन की पार्टी बनाया है। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव की चुनौती फिर हमारे सामने है। पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम व समर्पण से एक बड़ी जीत के साथ प्रदेश में नया इतिहास लिखेगी।

