जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: आपूर्ति इंस्पेक्टर ने भाजपा नेता के शपथ-पत्र को हटाकर आवेदन निरस्त कर दिया है। लाटरी से वंचित किए जाने पर भाजपा नेता ने विधायक संगीत सोम से शिकायत करते हुए डीएसओ को लिखित आपत्ति दी है। यह मामला फलावदा निवासी भाजपा नेता मोहित मुखिया के पेश आया है।
बताया गया है कि कस्बे में निरस्त चल रही खारा कुआ की दुकान के आवंटन हेतु भाजपा नेता मोहित मुखिया ने आवेदन किया था। बताया गया है कि मवाना के आपूर्ति निरीक्षक अजय द्वारा जांच के नाम पर उनके आवेदन के शपथ पत्र को नजरअंदाज कर उक्त आवेदन को निरस्त करा दिया। जिसके चलते मोहित का नाम लॉटरी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया है और वह लाटरी से वंचित रह गए।
आवेदन पत्र मुकम्मल होने के बावजूद हुई निरस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर विधायक संगीत सोम से शिकायत की गई। तत्काल मौके पर ही डीएसओ नीरज सिंह द्वारा आवेदन की जांच कराई गई तो भाजपा नेता का आवेदन दुरुस्त पाया गया। इस बाबत डीएसओ को लिखित आपत्ति दे दी गई है। पुन: लाटरी कराने की मांग की है।
आपूर्ति इंस्पेक्टर की इस बड़ी चूक से आपूर्ति विभाग की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लग रहा है। वहीं शहर के एरिया थर्ड में मो. अहमद की दुकान की निरस्त दुकान के नए आवंटन पर भी ऐतराज़ हो रहा है। डीलर अहमद ने डीएसओ को प्रार्थना-पत्र देकर कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बावजूद नए आवंटी के खिलाफ आपत्ति जताई है।

