जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भाजपा ने अभी प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। 13 अपै्रल को नामांकन होगा। माना जा रहा है कि दो दिन बाद भाजपा प्रत्याशियों की सूची आएगी। क्योंकि भाजपा नेताओं की सांसे भी सूची को लेकर अटकी हुई है। भाजपा में भी टिकट को लेकर खासी खींचतान चल रही थी।
पहले जिला स्तर से कुछ नाम सूची से आउट कर दिये गए थे, लेकिन बाद में क्षेत्रीय नेताओं की बैठक भाजपा कार्यालय पर हुई, जिसके बाद आउट किये गए नामों पर चर्चा हुई। फाइनल क्या हुआ? यह तो फिलहाल भाजपा ने सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन अब सिर्फ और सिर्फ सूची का इंतजार किया जा रहा है। भाजपा की सूची 12 अपै्रल को आएगी। ऐसा भाजपा सूत्रों का कहना है।
सपा में भी है खींचतान
सपा में टिकट को लेकर खींचतान ज्यादा है। यहां पर कई प्रत्याशियों के नाम सूची में आने के बाद फिर से बदल दिये गए। एक-दो नहीं, बल्कि कई नामों पर टकराव की स्थिति पैदा हो गई थी। सपा के शीर्ष नेताओं तक जिला पंचायत सदस्यों के टिकट का मामला पहुंचा था, जिसके बाद ही टिकटों को फाइनल किया गया। सपा की खींचतान से साफ हो गया है कि मेरठ में सपा कई गुटों में बट गई है। इसका नुकसान भविष्य में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में नुकसान संभव हो सकता है।
सरकार पर बरसे सपा के निगम पार्षद
नौचंदी के डा. जाकिर हुसैन कालोनी में आयोजित कार्यक्रम में सपा के निगम पार्षद चेयरमैन कुंवर इकरामुद्दीन बालियान केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सलीम व संचालन इरफान ने किया। मुख्य अतिथि कुंवर बालियान थे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है, लेकिन देश के लोगों को बचाने के लिए पीएम और सीएम बंगाल के चुनाव में व्यस्त हैं।
जब से देश में भाजपा की सरकार आयी है तब से माहौल सांप्रदायिक हो गया है। जानबूझ कर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। बजाय देश के विकास के दो गुजराती देश को लूटने का काम कर रहे हैं। कुंवर बालियान ने कहा कि इस बार देश की जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। इस मौके पर अलीमुद्दीन, सलमान, आमिर, नन्हें पहलवान, नवाबुद्दीन, सब्बीर कस्सार पार्षद, हबीब आदि भी मौजूद रहे।
बसपा की 12 वार्डों के प्रत्याशियों की पहली सूची हुई जारी
बसपा ने जिला पंचायत सदस्यों के प्रत्याशियों की 13 वार्ड की सूची जारी कर दी। वार्ड-नौ से माया देवी, वार्ड-10 से जश्वनी शर्मा, वार्ड-16 से रविन्द्र टीकरी, वार्ड-17 से अतुल पुनिया, वार्ड-18 से दीपक राणा, वार्ड-20 से अंकुर विकल, वार्ड-22 से गोपाल प्रधान, वार्ड-24 से सुनील प्रधान, वार्ड-25 से अरुण चौधरी, वार्ड-28 से रहीश बड्ढा, वार्ड-29 से अमित फौजी, वार्ड-30 से मोनिका नागर और वार्ड-32 से कमल सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
बसपा की यह सूची मुख्य सेक्टर प्रभारी मेरठ मंडल प्रदीप जाटव, मुख्य सेक्टर प्रभारी मोहित जाटव, जिलाध्यक्ष सत्यपाल पेपला, प्रभारी पश्चिम शमसुद्दीन राइन व मुख्य सेक्टर प्रभारी मेरठ मंडल तिलक चौधरी के हस्ताक्षर से जारी हुई है। बसपा की यह पहली सूची जारी की गई है।

