नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता बोमन ईरानी ने भले ही 44 साल की उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखा हो, लेकिन उन्होंने साबित किया कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती। अब 65 साल की उम्र में उन्होंने बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म ‘मेहता बॉयज’ बनाई है। बोमन ईरानी ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा, “लोग सोचते हैं कि बॉलीवुड में सफलता जल्दी या देर से मिलती है, लेकिन मेरा मानना है कि यह मौके पर नहीं, मेहनत और जज्बे पर निर्भर करती है।”
बोमन ईरानी ने कहा
बोमन ईरानी ने कहा ‘मुझे नहीं लगता कि किसी को देर से मिली सफलता के लिए बॉलीवुड जिम्मेदार है। बॉलीवुड या भारतीय सिनेमा जल्दी कामयाबी मिलने या देर में कामयाबी मिलने के लिए जिम्मेदार नहीं है। हर इंसान अपनी कामयाबी या नाकामी के लिए खुद जिम्मेदार है। आप अपना भविष्य खुद बनाते हैं। मैं उन लोगों से कहना चाहता हूं जो लोग सपने लेकर आते हैं, कि जरूर सपने लेकर आएं लेकिन उसके साथ हुनर भी लेकर आएं।’
मैं अभिनेता बनना चाहता हूं
अभिनेता ने यूवाओं से कहा ‘आप यह मत कहिए कि मैं अभिनेता बनना चाहता हूं। मैंने बहुत कोशिश की। मैंने यहां और वहां ऑडिशन दिए। आपको यह करना पड़ेगा। सवाल ये है कि आप ऑडिशन के लिए क्या लेकर आए हैं? आपने कौन सी ट्रेनिंग की है? क्या आप ड्रामा स्कूल गए, अगर नहीं गए तो क्या आपने खुद से ट्रेनिंग की? आपने कौन सी फिल्में देखीं? आपने कौन सी एक्टिंग की किताबें पढ़ीं? आपने कौन सी वीडियो देखी? आपने कितना रिहर्सल किया? अगर आपने रिहर्सल नहीं किया और आप कहते हो कि आप खूबसूरत हो, तो मैं आपको एक चीज बताता हूं। वह यह है कि आपका हमेशा दिल टूटेगा। इसलिए मैं कहता हूं कि आप अपना भविष्य खुद बनाएं। ये उम्मीद मत करें कि बॉलीवुड आपको कुछ देगा।’
बोमन ईरानी ने निभाए ये किरदार
बोमन ईरानी सिर्फ अपनी कॉमेडी के लिए ही नहीं, बल्कि वह कई दूसरे तरह के किरदार को निभाने के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने ‘3 इडियट्स’ में कॉलेज डायरेक्टर वायरस का किरदार निभाया। इसके अलावा उन्होंने ‘खोसला का घोसला’ में एक होशियार कारोबारी का किरदार निभाया। ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ के अभिनेता ने अपनी जिंदगी के अनुभव से नौजवानों को बताया कि अगर आप किसी भी फील्ड में कामयाब होना चाहते हैं तो अपने हुनर पर काम करें।
‘डिटेक्टिव शेरदिल’ में नजर आएंगे अभिनेता
बता दें कि, बोमन ईरानी जल्द ही ‘डिटेक्टिव शेरदिल’ में नजर आने वाले हैं। वह जल्द ही अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ में नजर आने वाले हैं।

