- दिल्ली हाईकोर्ट की लीगल टीम व कंपनी की टीम ने सरधना में कई स्थानों पर की छापेमारी
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: नगर में बॉम्बे डाइंग कंपनी की बेड शीट के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। बुधवार को बॉम्बे डाइंग के लीगल एडवाइजर के साथ दिल्ली हाईकोर्ट की टीम ने सरधना में कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने भारी मात्रा में बॉम्बे डाइंग का माल पकड़ा। टीम ने भारी मात्रा में कंपनी के नाम के स्टीकर, रेपर व अन्य सामग्री बरामद की। टीम ने तत्काल सारे माल को सील कर दिया। टीम की छापेमारी से बेड शीट कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सभी कारोबारी अपने गोदाम में ताले लगाकर फरार हो गए। आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद टीम वापस लौट गई। फिलहाल सभी बेड शीट फैक्ट्रियों पर ताले लटके हुए हैं।
सरधना में ब्रांडेड कंपनी के नाम से बड़ी स्तर पर नकली बेड शीट बनाने का काम किया जा रहा है। सरधना में दर्जनों फैक्ट्री चल रही हैं, जहां पर इस तरह की नकली बेड शीट बनाई जा रही हैं। सबसे अधिक बॉम्बे डाइंग कंपनी के नाम से बेड शीट तैयार की जा रही हैं। जो देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई की जा रही हैं। कंपनी के द्वारा लगातार छापेमारी करने के बाद भी आरोपी फर्जीवाड़े से बाज नहीं आ रहे हैं। बॉम्बे डाइंग ने मामले को लेकर हाईकोर्ट में वाद दायर कर रखा है। बुधवार को कंपनी की टीम व लोकल कमिश्नर दिल्ली हाईकोर्ट मोहित कुमार के नेतृत्व में टीम सरधना छापेमारी करने पहुंची।
जहां टीम ने विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। टीम ने गोमतीनगर मोहल्ले में एक गोदाम में छापेमारी की। टीम को देखकर संचालक शटर का ताला लगाकर फरार हो गया। आनन फानन में शटर बंद करने के चक्कर में दो कारीगर युवकों को गोदाम में ही बंद कर दिया। कई घंटे इंतजार के बाद टीम ने ताला तोड़ने की चेतावनी दी तो शटर खुला। यहां टीम को बॉम्बे डाइंग कंपनी के रेपर, स्टीकर, कवर आदि सामग्री मिली। इसके अलावा भारी मात्रा में तैयार बेड शीट व कच्चा माल बरामद हुआ।

टीम ने तत्काल सभी माल की सूची तैयार करके सील कर दिया। इसके अलावा टीम ने अन्य कई स्थानों पर छापेमारी की। टीम को देखकर बेड शीट कारोबारी फरार हो गई। सभी कारोबारी अपने गोदाम में ताले लगाकर गायब हो गए। टीम की कार्रवाई से बेड शीट कारोबारियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा। सभी स्थानों से मिले माल को सील करने के बाद टीम थाने पहुंची और आवश्यक लिखा पढ़ी करके वापस लौट गई।
सरधना में बड़े स्तर पर किया जा रहा कारोबार
ब्रांडेड कंपनी की नकली बेड शीट बनाने का कारोबार सरधना में बड़े स्तर पर किया जा रहा है। तहसील रोड पर थाने के निकट, कालंद रोड पर तहसील के निकट, गोमतीनगर, धर्मपुरा, किला खेवान आदि दर्जनों स्थानों पर फर्जी बेड शीट तैयार की जा रही हैं। जो दूर दराज शहरों के साथ राज्यों में सप्लाई करने का काम किया जा रहा है।
पहले भी की जा चुकी है छापेमारी
बॉम्बे डाइंग कंपनी की टीम इससे पहले भी कई बार छापेमारी कर चुकी है। कुछ महीने पहले भी टीम ने सरधना में छापेमारी की थी। जिसके बाद कुछ समय के लिए यह धंधा बंद हो गया था। मगर पुलिस से सेटिंग के बाद फिर से फर्जीवाड़ा शुरू कर दिया गया। मामले में स्थानीय पुलिस कार्रवाई करने से बचती नजर आई।
एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी
कंपनी के लीगल एडवाइजर राहुल वत्स ने बताया कि कई शहरों में कंपनी के नाम से फर्जी बेड शीट तैयार की जा रही हैं। जिससे कंपनी को भारी नुकसान हो रहा है। मामले को लेकर कंपनी की ओर से हाईकोर्ट में वाद चल रहा है। आज सरधना के अलावा गाजियाबाद, मवाना, खतौली, दिल्ली आदि स्थानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।

