- केबिल आपरेटर हड़ताल पर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ब्राडकास्टरों के द्वारा सोनी, जी और स्टार के चैनलों के दाम बढ़ाने और चैनल बंद करने से नाराज केबिल आपरेटर देशव्यापी हड़ताल पर है। तीन दिन से चल रही हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को पसंदीदा चैनल देखने को नहीं मिल रहे हैं।
मैनसन केबिल नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के लाइजनिंग अधिकारी चन्द्रशेखर वर्मा ने बताया कि ट्राई के द्वारा एनटीओ जारी करने के बाद ब्राडकास्ट एसोसिएशन के द्वारा अपने चैनलों के मूल्य में भारी वृद्धि करने के लिये केबल कंपनियों को नोटिस जारी किये गए और नये टैरिफ पर हस्ताक्षर करने का दबाब बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सभी एसएसओ जैसे डेन, फास्टवे, हेथवे, एनएक्सटी डिजिटल द्वारा भारी मूल्य वृद्धि को न करने का ब्राडकास्टर एसोसिएशन से अनुरोध किया गया, लेकिन ब्राडकास्टरों के द्वारा इन अनुरोध को ठुकरा कर चैनलों के प्रसारण को बंद कर दिया गया। इस कारण लाखों उपभोक्ता इन चैनलों को देखने से वंचित हो रहे हैं।
इस वृद्धि से वर्तमान के सभी पैकेज में भारी वृद्धि हो जाएगी। जिसका सीधा प्रभाव उपभोक्ता पर पड़ेगा। कहा कि हम इस मूल्य वृद्धि के विरुद्ध लड़ाई लड़ रहे हैं। ब्राडकास्टरों ने इस मूल्य वृद्धि के बारे में उपभोक्तओं को कोई जानकारी दिये बगैर अचानक चैनलों को बंद कर देगा।
कबल टीवी की सुविधा देने वाले प्लेटफार्म से डिज्नी स्टार, सोनी और जी जैसे बड़े ब्राडकास्टर्स ने चैनलों के लिये दाम बढाने की शर्त रखी है। केबल आपरेटरों ने प्रसारकों के द्वारा इस अनुचित मूल्य निर्धारण के विरोध में समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किये हैं।

