जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सरधना के नवाबगढ़ी गांव से अपहृत किए गए किशोर की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में लेकर शव एक खंडहर से बरामद कर लिया। मामला तंत्र क्रिया का निकल कर सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में लगी है।
बता दें कि सरचना थाना क्षेत्र के नवावगढ़ी गांव से दो दिन पूर्व 15 वर्षीय किशोर उवैस पुत्र शकील संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गया था। उवैस के मोबाइल से शकील के फोन पर लगातार मैसेज आ रहे थे। पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी।
पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच में लगी हुई थी। तार से तार जुड़े तो उवैस के घर से कुछ ही दूरी से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने सब उगल दिया। जिसके बाद पुलिस ने नवनिर्मित एक कॉलोनी के खंडहर में उवैस का शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। माना जा रहा है कि तंत्र क्रिया के चलते किशोर की हत्या की गई है। चार माह पूर्व उवैस के घर के पास से ही पांच वर्षीय रिहान पुत्र इमरान भी गायब हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने उसकी भी हत्या की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच में लगी हुई है।

