जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती आज अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास अवसर पर पार्टी की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। बसपा इस दिन को “जन कल्याणकारी दिवस” के रूप में मनाएगी। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
सीएम योगी ने दी मायावती को जन्मदिन की बधाई
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर मायावती को जन्मदिन की बधाई दी और उनके लंबे जीवन की कामना की। उन्होंने लिखा, “बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके लिए दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना है।”
केशव प्रसाद मौर्य ने भी दी शुभकामनाएं
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं! ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”
अखिलेश यादव ने दी मायावती को बधाई
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “आदरणीय मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्हें स्वस्थ, स्वतंत्र जीवन और सार्थक सक्रियता के लिए अनंत शुभकामनाएं।” अखिलेश यादव ने आगे कहा, “मायावती ने जीवनभर प्रभुत्ववादियों के खिलाफ शोषित, वंचित, उत्पीड़ित, उपेक्षित और अपमानित समाज के मान-सम्मान और अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह निरंतर जारी रहे, इस कामना के साथ उन्हें फिर से जन्मदिन की बधाई।”
बसपा कार्यकर्ता मनाएंगे जन कल्याणकारी दिवस
बसपा के कार्यकर्ता आज के दिन को “जन कल्याणकारी दिवस” के रूप में मनाएंगे। इस अवसर पर हर मंडल में जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य पार्टी को एकजुट कर आगामी चुनावों के लिए अपनी ताकत दिखाना है। माना जा रहा है कि इन जनसभाओं के माध्यम से बसपा अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति तैयार करने की कोशिश करेगी।

